अंबेडकरनगर में एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, दिल्ली से दरभंगा जा रही बस ट्रेलर से भिड़ी; 4 की मौत

UP के अंबेडकरनगर में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के भीषण हादसा हो गया. अम्बरपुर टोल प्लाजा के पास दिल्ली से दरभंगा जा रही एसी बस ओवरटेक करने के दौरान ट्रेलर से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि करीब 40 फीट लंबी बस का बायां हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में बस सवार चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतक और घायल सभी बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं. हादसे की सूचना मिलते ही जैतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया. दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा. पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल और नगपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां उनका इलाज चल रहा है.
पुलिस के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब बस आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक कर रही थी. इसी दौरान ट्रेलर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर बस के बाएं हिस्से में हुई, जिससे उस तरफ का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं बस का दूसरा हिस्सा अपेक्षाकृत सुरक्षित रहा। इसी वजह से उस ओर बैठे कई यात्री सुरक्षित बच गए.
एक मृतक की हुई पहचान: हादसे में मृत चार यात्रियों में से एक की पहचान सचिन कुमार के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार सचिन कुमार बिहार निवासी थे. तीन अन्य मृतकों की अभी पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस उनकी शिनाख्त के लिए प्रयास कर रही है.
तीन घायलों की भी पहचान: हादसे में घायल यात्रियों में तीन की पहचान हो गई है. इनमें सुमित मिश्रा (33), सुमित आनंद (40) और रिंकू कुमारी (45) शामिल हैं. तीनों बिहार के दरभंगा के निवासी बताए जा रहे हैं. तीनो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और चिकित्सकों की निगरानी में उपचार चल रहा है. एडिशनल एसपी ने हादसे में चार यात्रियों की मौत और तीन लोगों के घायल होने की पुष्टि की है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ ही मृतकों की पहचान कराने में जुटी है.
अम्बेडकर नगर से और खबरें

अम्बेडकरनगर में क्रूरतम हत्या से सनसनी, पहले धारदार हथियार से हमला फिर लगाया करंट
20 अगस्त 2026
IPS आशुतोष मिश्रा की मां की हत्या, अंबेडकरनगर में लूटपाट के बाद उतारा मौत के घाट
16 अगस्त 2026
अम्बेडकरनगर में यूपी एसटीएफ की मुठभेड़, 1 लाख का इनामी बदमाश आसिम अली ढेर, सिपाही घायल
7 जुलाई 2026