प्रकाश पाल बोले- ‘आज कॉकरोच, कल सुअर या मक्खी पार्टी बनेगी’, ‘3 सीट की औकात नहीं, दावा 403 का’

✍️NNS Desk
प्रकाश पाल बोले- ‘आज कॉकरोच, कल सुअर या मक्खी पार्टी बनेगी’, ‘3 सीट की औकात नहीं, दावा 403 का’

राज्यसभा सांसद बनने के बाद पहली बार कानपुर पहुंचे प्रकाश पाल ने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और INDI गठबंधन पर जमकर हमला बोला. रविवार को नवीन मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को लेकर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि आज कॉकरोच जनता पार्टी तो कल सुअर या मक्खी पार्टी बनेगी. उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सभी 403 सीटों पर जीतने के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो पार्टी तीन सीटों पर लड़ने का दम नहीं रखती, वह बड़े-बड़े दावे कर रही है.

प्रकाश पाल ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी कोई राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि लोकतंत्र का मजाक बनाया जा रहा है. वहीं, सपा के PDA पर तंज कसते हुए उन्होंने इसका मतलब ‘पैसा देने वाले आओ’ बताया.

उन्होंने आरोप लगाया कि INDI गठबंधन के दल लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के जरिए चुनाव जीतने में असमर्थ हैं, इसलिए सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि देश की जनता विपक्ष की राजनीति को समझ रही है.

संवैधानिक संस्थाओं पर हमला उचित नहीं: उन्होंने तथाकथित कॉकरोच जनता पार्टी का उल्लेख करते हुए कहा कि न तो इस पार्टी का कोई ठोस स्वरूप है और न ही प्रभावी संगठनात्मक आधार. आरोप लगाया कि ऐसे राजनीतिक प्रयोग लोकतंत्र का मजाक बना रहे हैं और इंडी गठबंधन इनकी आड़ लेकर देश में राजनीतिक अस्थिरता पैदा करना चाहता है. उन्हें कहा कि लोकतंत्र में विरोध और असहमति का अधिकार सभी को है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं पर हमला करना और उनकी विश्वसनीयता कमजोर करने का प्रयास उचित नहीं है.

अस्थिरता का माहौल पैदा करने वाले हैं तरीके: लोकतांत्रिक मर्यादाओं और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना प्रत्येक राजनीतिक दल की जिम्मेदारी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को घेरते हुए प्रकाश पाल ने आंदोलन के दौरान महिला पुलिसकर्मी के साथ कथित अभद्र व्यवहार की घटना को गंभीर बताया. कहा कि सार्वजनिक जीवन में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के राजनीतिक तौर-तरीके देश में अस्थिरता का माहौल पैदा करने वाले हैं और उनकी गतिविधियों से विदेशी शक्तियों को लाभ पहुंचने की आशंका पैदा होती है.

उत्तर प्रदेश से और खबरें