अखिलेश यादव चाहे जितना प्रपंच कर लें ‘सपा की साइकिल कबाड़ में जाएगी’, नितिन नवीन के करारे प्रहार

✍️NNS Desk
अखिलेश यादव चाहे जितना प्रपंच कर लें ‘सपा की साइकिल कबाड़ में जाएगी’, नितिन नवीन के करारे प्रहार

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को लखनऊ में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने दावा किया कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी इस बार साइकिल कबाड़ में जाएगी. इसकी व्यवस्था शक्ति केंद्र के कार्यकर्ताओं ने कर ली है. उन्होंने कहा कि भाजपा का शक्ति केंद्र मॉडल बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर रहा है और यही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है. उनके मुताबिक, जब शक्ति केंद्र पूरी तरह सक्रिय हो जाते हैं तो विपक्ष चाहे जितनी कोशिश कर ले, भाजपा की जीत को नहीं रोक सकता.

सपा और कांग्रेस पर बरसे नितिन नवीन: पहली बार बीजेपी अध्यक्ष ने खुलकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा. उन्होने कहा कि 2027 में जब यूपी में भाजपा जीत की हैट्रिक लगाएगी तो वो केवल एक और सरकार नहीं होगी बल्कि 2029 के लिए भी जीत का मार्ग प्रशस्त होगा. नितिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस तो अब खत्म हो गई है. राहुल गांधी को गर्व केवल अपने नाना और दादी पर है,जिन्होंने देश बांटा. पार्टी कार्यकर्ताओं की ताकत हमारी ऊर्जा है। नेता तो बस आपका सहयोगी है.

राहुल-अखिलेश-केजरीवाल के झांसे में नहीं आएंगे लोग: भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि आज मैं राहुल गांधी, अखिलेश यादव और केजरीवाल से कहना चाहता हूं कि हिंदू धर्म को इतना कमजोर मत समझिएगा कि लोग आपके झांसे में आ जाएंगे क्योंकि जब आपके लोग हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करते हैं, तो आप लोग मौन रहते हैं. सनातन का अपमान यूपी और देश की जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी. हमने विरासत को संजोया है, इसके लिए हमारे पुरखों ने कुर्बानियां तक दी हैं. पीएम मोदी के नेतृत्व में आज का भारत देश के हर क्षेत्र में तरक्की कर रहा है, विकास के नए आयाम गढ़ रहा है क्योंकि हमारा निर्णायक नेतृत्व है, नीतियां स्पष्ट हैं, नीयत साफ है, जो समय पर निर्णय लेने की क्षमता रखता है.

राम मंदिर चढ़ावे प्रकरण पर विपक्ष को घेरा: राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जिन्होंने प्रभु राम के अस्तित्व पर सवाल उठाया. सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर किया था कि राम काल्पनिक है. ये वही लोग हैं, जो आस्था के नाम पर घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं. कारसेवकों पर गोलियां चलवाई थीं और खून की नदियां बही थीं. हम लोगों ने यूपी की विरासत को संजोने का काम किया गया है. मुझे याद है कि जब वाराणसी आता था, तब मैं तंग गलियों से होकर बाबा विश्ननाथ का दर्शन करने जाता है. मेरे मन में हीन भावना आती थी कि आज हमारे भोले बाबा को किस प्रकार से तंग गलियों में सिकोड़ दिया गया है. तब और आज के समय को याद करिए। आज के विश्वनाथ मंदिर को देखकर आपको गर्व होता है.

आस्था के नाम पर घड़ियाली आंसू बहा रहे अखिलेश: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि आज आस्था के नाम पर घड़ियाली आंसू बहाने वाले लोग कभी आस्था की बात कर ही नहीं सकते. क्योंकि आज भाजपा के शासनकाल में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से लेकर काशी विश्वानाथ मंदिर तक है. विरासत की नई तस्वीर बनी है. वो लोग क्या बात करेंगे, जिन्होंने रामसेवकों पर गोलियां चलवाने का काम किया. ऐसे लोग कभी आस्था की बात करने लायक नहीं हैं. 2017 से पहले के यूपी की जिक्र करते हुए बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि जिस उत्तर प्रदेश ने केवल भ्रष्टाचार देखा हो, तुष्टिकरण और परिवारवाद की राजनीति देखी हो, आज भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने उस भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और माफियाराज को पूरी तरह समाप्त कर दिया है.

उत्तर प्रदेश से और खबरें