कानपुर में शादी के नाम पर साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, 3 कॉल सेंटर का किया भंडाफोड़

कानपुर साइबर पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले तीन कॉल सेंटरों का पर्दाफाश किया है. भिलाई निवासी संचालक को गिरफ्तार कर 23 टेलीकॉलर्स से पूछताछ की जा रही है और गिरोह के 10 बैंक खातों की जांच शुरू कर दी गई है.

पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि शादी कराने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का साइबर क्राइम पुलिस ने पर्दाफाश करने की जानकारी दी है.. गिरोह इंटरनेट और सोशल मीडिया से युवतियों की तस्वीरें जुटाकर फर्जी प्रोफाइल तैयार करता था और फिर विवाह के इच्छुक युवकों को अपने जाल में फंसाता था. कॉल सेंटर में बैठे कर्मचारी ही महिला बनकर बातचीत करते थे और विभिन्न शुल्कों के नाम पर रकम वसूलते थे.
उन्होंने बताया कि साइबर क्राइम थाना पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध कॉल सेंटरों पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान कॉल सेंटर संचालक रंजीश कुमार गौड़ को गिरफ्तार किया गया, जबकि 23 टेलीकॉलर्स से पूछताछ की गई है। आरोपी मूल रूप से भिलाई (छत्तीसगढ़) का रहने वाला है.
बैंक खातों में करीब चार लाख रुपये जमा करा लिए: पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के अनुसार बाराबंकी के रामनगर तहसील के चंदश नामक व्यक्ति की शिकायत पर जांच शुरू हुई थी. पीड़ित ने बताया था कि मैरिज ब्यूरो संचालक बनकर कुछ लोगों ने शादी कराने का भरोसा दिलाया और अलग-अलग बैंक खातों में करीब चार लाख रुपये जमा करा लिए.
तकनीकी और बैंकिंग ट्रेल की पड़ताल शुरू: जांच के बाद साइबर थाना में मुकदमा दर्ज कर तकनीकी और बैंकिंग ट्रेल की पड़ताल शुरू की गई। जांच में सामने आया कि गिरोह “परफेक्ट रिश्ते”, “शादी मैच” और “शादी मैच इंडिया” नाम से मैट्रिमोनियल सेंटर संचालित कर रहा था. इनके कार्यालय बर्रा, कर्रही रोड, गौशाला चौराहा और यशोदा नगर क्षेत्रों में संचालित होने की जानकारी मिली है.
ऐसे फंसाते थे शिकार: गिरोह सोशल मीडिया और मैट्रिमोनियल वेबसाइटों से मोबाइल नंबर और अन्य जानकारी जुटाता था. इसके बाद टेलीकॉलर्स शादी के इच्छुक युवकों से संपर्क कर आकर्षक रिश्तों का प्रस्ताव देते थे. फर्जी महिला प्रोफाइल, इंटरनेट से ली गई तस्वीरें और मनगढ़ंत पारिवारिक विवरण दिखाकर विश्वास बनाया जाता था.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

हमीरपुर के राठ मे कपूत ने मामूली विवाद में की बुजुर्ग पिता की निर्मम हत्या
17 जून 2026
रवि किशन और पवन सिंह के बलिया शो में बवाल: बेकाबू हुई भीड़, बैरिकेडिंग-कुर्सियां टूटी
17 जून 2026
प्रयागराज ट्रिपल मर्डर: प्रेम प्रसंग में उतारा पूरे परिवार को मौत के घाट, मुठभेड़ में मुख्य आरोपी घायल
17 जून 2026