बिजनौर में केमिकल लगा नोट दिया, दुकानदार हुआ बेहोश; मुंह में 6 लाख की ज्वेलरी रखकर चंपत

✍️NNS Desk
बिजनौर में केमिकल लगा नोट दिया, दुकानदार हुआ बेहोश; मुंह में 6 लाख की ज्वेलरी रखकर चंपत

UP के बिजनौर में महिलाओं ने केमिकल लगे नोटों से बिछुए और सोने की लौंग खरीदी, जिससे दुकानदार को चक्कर आने लगे. मौका मिलते ही महिलाओं ने करीब 6 लाख के सोने के जेवर मुंह में छिपाए और फरार हो गईं.

दुकानदार के मुताबिक, पांच महिलाएं उसकी दुकान पर पहुंचीं थीं. उन्होंने जेवर खरीदे और कथित केमिकल लगे नोटों से पेमेंट किया. नोट लेने के कुछ देर बाद ही दुकानदार को चक्कर आने लगे. महिलाओं ने और ज्वेलरी दिखाने को कहा. वह उन्हें जेवर दिखाता रहा. चक्कर आने की वजह से उसका पूरा ध्यान नहीं था. इसी दौरान महिलाएं सोने के जेवर चुरा लीं.

7 सितंबर का यह मामला जिला मुख्यालय से 45 किमी दूर चांदपुर क्षेत्र के रसूलपुर नंगला गांव का है. CCTV फुटेज सोमवार देर शाम सामने आया. पीड़ित ज्वेलर की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात 5 महिलाओं के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है. पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान करने में जुटी है.

रसूलपुर नंगला निवासी दिनेश वर्मा (50) गांव में ही ज्वैलर्स की दुकान चलाते हैं। दिनेश के दो बेटियां आयुषी और साक्षी हैं. दोनों की शादी हो चुकी है. दो बेटे- बड़ा बेटा विपुल (24) गांव में ही कॉस्मेटिक की दुकान चलाता है, जबकि छोटा बेटा ओम वर्मा (16) पिता के साथ ज्वैलर्स की दुकान पर रहता है.

दिनेश के मुताबिक, 7 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे पांच महिलाएं बुर्का पहनकर उनकी ज्वेलरी की दुकान पर आई थीं. महिलाओं ने सोने और चांदी के कई आभूषण देखने शुरू किए. इस दौरान एक महिला ने बिछुए और सोने की एक लौंग खरीदी.

खरीदारी के बाद महिलाओं ने उनके बेटे ओम वर्मा को जेवर के रुपए दिए. दिनेश का आरोप है कि इन्हीं नोटों पर केमिकल लगा हुआ था. पैसे लेने के बाद उनके बेटे की हालत अचानक बिगड़ गई और वह सामान्य तरीके से काम नहीं कर पा रहा था.

महिलाएं जेवर देखती रहीं: ओम वर्मा के चक्कर आने का फायदा महिलाओं ने उठाया. वे लगातार अलग-अलग जेवर दिखाने के लिए कहती रहीं और औम उन्हें सोने-चांदी के सामान दिखाता रहा. इसी दौरान एक ने दुकान से करीब 6 लाख रुपए के 40 से 50 ग्राम सोने के जेवर चोरी कर लिए. चोरी हुए जेवरों में 3 सोने के पेंडेंट, 3 सोने के टीके, 4 जोड़ी सोने के कुंडल और करीब 30 से 35 सोने की गले की ताबीज शामिल हैं. इसके बाद पांचों महिलाएं दुकान से निकल गईं.

महिलाओं के जाने के बाद जब दिनेश दुकान पर पहुंचे तो उन्हें बेटे की हालत ठीक नहीं लगी. उन्होंने बेटे से पूछा तो बताया कि उसे चक्कर आ रहे हैं. इसपर दिनेश ने दुकान में रखे सामान मिलाए तो जेवर कम होने का पता चला. इसके बाद दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी गई.

सीसीटीवी में क्या दिखा? CCTV फुटेज में दो महिलाएं बैठकर जेवर देखते नजर आ रही हैं. इसी दौरान पीले स्कार्फ में बैठी महिला बार-बार जेवर को हाथ में लेकर देखने लगती है. जैसे ही दुकानदार की नजर दूसरी ओर जाती है, महिला जेवर मुंह में रख लेती है. इसके बाद वह दोबारा कुछ जेवर लेकर देखने लगती है और इसी तरह दूसरी बार भी जेवर मुंह में छिपा लेती है.

दिनेश वर्मा का कहना है कि कैमरों में पांचों महिलाओं के दुकान में आने, जेवर देखने और सामान लेकर जाने की पूरी घटना रिकॉर्ड है. दिनेश ने फुटेज देखने के बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी और चोरी हुए जेवरों के संबंध में तहरीर दी.

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान कराई जा रही: दिनेश वर्मा ने 12 सितंबर को पुलिस को तहरीर दी. चांदपुर कोतवाल राहुल सिंह के मुताबिक, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. दुकान के CCTV फुटेज को जांच का हिस्सा बनाया गया है.

पुलिस फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान करने और उनकी भूमिका की पड़ताल कर रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि नोटों पर वास्तव में कोई केमिकल लगा था या नहीं. दुकानदार के बेटे की तबीयत बिगड़ने की वजह क्या थी. 

उत्तर प्रदेश से और खबरें