फतेहपुर में CM ड्यूटी पर जा रहे हेड कॉन्स्टेबल की मौत, सड़क के किनारे खड़े कंटेनर में घुसी बाइक

यूपी के फतेहपुर सीएम के आगमन से ठीक पहले सिपाही की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. वह सीएम की जनसभा की ड्यूटी के लिए बाइक से कार्यक्रम स्थल की ओर जा रहे थे तभी आज सुबह 7 बजे तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े कंटेनर में पीछे से घुस गई.

टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्हें संभलने का मौका भी नहीं मिला. कंटेनर की बॉडी से सिपाही की छाती की हड्डी चूर–चूर हो गई. जगह–जगह लोहे के कोने छाती में घुस गए. मौके पर ही उनकी मौत हो गई. बाइक के भी परखच्चे उड़ गए। हादसा होते ही कंटेनर का चालक गाड़ी छोड़कर मौके से भाग निकला. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए चालक की तलाश शुरू कर दी है. हादसा जिला मुख्यालय से 18 किलोमीटर दूर कानपुर–प्रयागराज हाइवे पर थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा के पास हुआ.
मूल रूप से प्रयागराज जिले के रहने वाले हेड कांस्टेबल रामप्रवेश यादव (40) पिछले दो साल से फतेहपुर के थाना धाता में तैनात थे. शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जिला आगमन पर उनकी ड्यूटी जनसभा कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई थी. वे सुबह 6:30 बजे ड्यूटी के लिए अपनी बाइक से सिविल ड्रेस में रवाना हुए थे. कार्यक्रम स्थल पहुंचने से ठीक 12 किलोमीटर पहले कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर हसवा के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर रोड साइड खड़े एक कंटेनर में पीछे से घुस गई.

मृतक राम प्रवेश यादव
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि उन्हें संभलने का मौका भी नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. उन्हें पुलिस जीप से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने हादसे की सूचना परिजनों को देते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
पुलिस का कहना है- अब तक हादसे के सही कारणों का पता नहीं चल सका है. हाइवे पर लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं. कंटेनर के फरार चालक की तलाश की जा रही है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है. सिपाही की मौत से विभाग में शोक का माहौल है.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

लखनऊ में 69000 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने घेरा बसपा प्रमुख का आवास, “मायावती बाहर आओ” के नारे
25 जुलाई 2026
कानपुर में महिला ने छेड़खानी का आरोप लगाकर होमगार्ड को पीटा, फाड़ी वर्दी
25 जुलाई 2026
अमेठी में सुबह-सुबह रेल हादसा, मालगाड़ी के सात वैगन पटरी से उतरे; बड़ा हादसा टला
25 जुलाई 2026