बाबूपुरवा में जर्मन शेफर्ड का 5वीं के छात्र पर हमला, जांघ पर काटा; लोगों ने लाठी–डंडे से बचाई जान

✍️NNS Desk
बाबूपुरवा में जर्मन शेफर्ड का 5वीं के छात्र पर हमला, जांघ पर काटा; लोगों ने लाठी–डंडे से बचाई जान

कानपुर के बाबूपुरवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को कोचिंग से घर लौट रहे पांचवीं के 11 साल के छात्र संस्कार पर एक खूंखार जर्मन शेफर्ड कुत्ते ने हमला कर दिया. छात्र की चीखपुकार सुनकर पहुंचे परिजनों और स्थानीय लोगों ने लाठी-डंडा लेकर किसी तरह उसकी जान बचाई और अस्पताल पहुंचाया. बच्चे संस्कार के पिता सोना–चांदी कारोबारी बृजेश सिंह है.

बच्चे संस्कार के मामा अनुराग शुक्ला ने बताया कि संस्कार बाबूपुरवा स्थित सिटी एजुकेशन सेंटर में 5वीं का छात्र है. शुक्रवार को संस्कार घर से कुछ दूरी पर कोचिंग पढ़ने के लिए गया था. शाम करीब 6 बजे वह घर वापस आ रहा था. तभी इलाके में रहने वाले सुशील तिवारी के घर में पले जर्मन शेफर्ड डॉग ने उस पर हमला बोल दिया.

संस्कार ने भागने की कोशिश की, तो डॉग ने उसकी जांघ में काट लिया. बच्चे की रोने की आवाज सुनकर परिजन व इलाकाई लोग लाठी–डंडा लेकर मौके पर पहुंचे और खूंखार डॉग को भगाकर बच्चे को हॉस्पिटल ले गए. परिजनों का आरोप है कि पड़ोसी डॉग को खुला रखते है, जिस कारण वह इलाके में कई लोगों को अपना शिकार बना चुका है.

उत्तर प्रदेश से और खबरें