नवरात्र से पहले खाद्य विभाग की कानपुर में 7 जगहों पर छापेमारी, 3000 किलो कुट्‌टू का आटा सीज

✍️NNS Desk
नवरात्र से पहले खाद्य विभाग की कानपुर में 7 जगहों पर छापेमारी, 3000 किलो कुट्‌टू का आटा सीज

कानपुर में नवरात्र के दौरान व्रत में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी की. सचेंडी स्थित कोल्ड स्टोरेज से 3 हजार किलो साबुत कुट्टू समेत कुल 3,038 किलो खाद्य सामग्री सीज की गयी..

.टीम ने कुट्टू और सिंघाड़े के आटे समेत कई खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए. इनमें मिर्च पाउडर, अमचूर, फलाहारी मिक्सचर, मूंगफली दाना और घी शामिल हैं. सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है. सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) संजय प्रताप सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

संदेह के आधार पर जांच करते खाद्य विभाग के अधिकारी.

कोल्ड स्टोरेज से 3 हजार किलो साबुत कुट्टू सीज: खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सचेंडी स्थित प्रिस स्टोरेज प्राइवेट लिमिटेड कोल्ड स्टोरेज में औचक निरीक्षण किया. संदेह के आधार पर साबुत कुट्टू का नमूना लेकर करीब 3 हजार किलो कुट्टू सीज किया गया.

इसके अलावा रुमा स्थित मंगलम इंटरप्राइजेज से 25 किलो मिर्च पाउडर सीज किया गया. इसकी कीमत करीब 5 हजार रुपए है. यशोदा नगर स्थित नौगरिया इंटरप्राइजेज से 5 किलो सिंघाड़े का आटा, जिसकी कीमत 2 हजार रुपए, और 8 किलो कुट्टू का आटा, जिसकी कीमत 3,200 रुपए है, सीज किया गया.

दुकानों और मार्ट से लिए खाद्य पदार्थों के नमूने: टीम ने बंगाली मोहाल स्थित राधा ट्रेडिंग से सिंघाड़े के आटे का नमूना लिया. जूहीकला के इंस्टा कार्ट से कुट्टू के आटे के दो और सिंघाड़े के आटे का एक नमूना लिया गया.

रतनलाल नगर स्थित रिलायंस मार्ट से कुट्टू और सिंघाड़े के आटे के नमूने लिए गए. लाजपत नगर के महादेव स्टोरेज से सिंघाड़े का आटा, फलाहारी मिक्सचर नमकीन और कुट्टू के आटे के नमूने लिए गए.

विष्णुपुरी स्थित वी मार्ट से मूंगफली दाना और घी के नमूने लिए गए. यशोदा नगर के नौगरिया इंटरप्राइजेज से सिंघाड़े और कुट्टू के आटे के नमूने लिए गए. कल्याणपुर स्थित जिओ मार्ट योजना-1 से सिंघाड़े के आटे और मूंगफली दाना के नमूने लिए गए.

सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) संजय प्रताप सिंह ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है. रिपोर्ट में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी.

उत्तर प्रदेश से और खबरें