हमीरपुर में पटाखे के गोदाम में धमाके से सनसनी, दो बच्चे घायल; मौके पर पहुंचे आला अफसर

✍️NNS Desk
हमीरपुर में पटाखे के गोदाम में धमाके से सनसनी, दो बच्चे घायल; मौके पर पहुंचे आला अफसर

हमीरपुर के मौदहा स्थित एक लाइसेंसी पटाखा गोदाम में शनिवार दोपहर विस्फोट हो गया. यह घटना मुस्कुरा थाना क्षेत्र के इमिलिया गांव में हुई. दो बच्चों के घायल जानकारी है. सूचना मिलते ही राजस्व, प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी.

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी विनोद कुमार द्वारा संचालित वी.के. राज फायर वर्क्स के गोदाम में पटाखे धूप में सुखाए जा रहे थे. इसी दौरान अचानक तेज धमाका हुआ. अधिकारियों ने मौके पर बचे हुए पटाखों को सुरक्षित कर एक बड़े हादसे की आशंका को टाल दिया.

घटना के बाद कुछ बच्चों के घायल होने की चर्चा रही, हालांकि देर शाम तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी. तहसीलदार महेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने मौदहा के विभिन्न अस्पतालों में संभावित घायलों की तलाश की, लेकिन किसी के भी भर्ती होने की पुष्टि नहीं हुई.

व्यापारी विनोद कुमार ने बताया कि उन्होंने पटाखे धूप में सूखने के लिए रखे थे और उन्हें विस्फोट के कारण की जानकारी नहीं है. अधिकारियों के अनुसार, विनोद कुमार लगातार किसी के घायल न होने की बात कहते रहे, जबकि मीडिया से बातचीत में उन्होंने दो बच्चों के घायल होने की जानकारी दी थी.

उपायुक्त उद्योग जयश्री ने बताया कि संबंधित फर्म का लाइसेंस वर्ष 2030 तक वैध है. प्रारंभिक जांच में पटाखों के सूखने के दौरान विस्फोट होने की बात सामने आई है और किसी के हताहत या घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है. उपजिलाधिकारी कर्णवीर सिंह ने कहा कि कुछ बच्चों के घायल होने की सूचना मिली थी, जिसकी जांच कराई जा रही है. उन्होंने यह भी बताया कि फर्म के अभिलेख तलब कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

उत्तर प्रदेश से और खबरें