फतेहपुर में छात्र की मौत पर विवाद: परिजनों ने स्कूल पर लगाया पिटाई का आरोप, पुलिस कर रही जांच

फतेहपुर में कक्षा-12 के छात्र तेजस उर्फ यशु की मौत के बाद स्कूल प्रबंधन पर सवाल उठे हैं. 26 अगस्त को परीक्षा के दौरान छात्र को अनुचित साधन का इस्तेमाल करते पकड़े जाने की बात सामने आई है.
परिजनों ने आरोप लगाया है कि इसके बाद छात्र पर 1500 रुपए का जुर्माना लगाया गया, उसे परीक्षा से निकाल दिया गया और उसके साथ मारपीट की गई. हालांकि, इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस और जिला विद्यालय निरीक्षक की संयुक्त टीम पूरे मामले की जांच कर रही है. मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज का है.

कक्षा-12 का छात्र तेजस द्विवेदी
सौंरा के पास अचेत मिला था छात्र: एएसपी ज्ञान प्रकाश राय ने गुरुवार दोपहर 3:44 बजे बताया- 26 अगस्त को करीब 3 बजे मलवां पुलिस को सौंरा गांव के पास पुलिया के नीचे एक छात्र के अचेत पड़े होने की सूचना मिली थी. उसकी साइकिल भी पास में पड़ी थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्र को मेडिकल कॉलेज फतेहपुर पहुंचाया.
आई-कार्ड से हुई पहचान: छात्र के पास मिले स्कूल के आई-कार्ड से उसकी पहचान तेजस द्विवेदी के रूप में हुई. वह सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज, शिवपुरी कॉलोनी में कक्षा-12 का छात्र था। पुलिस ने उसके परिजनों और स्कूल प्रशासन को सूचना दी. परिजन और स्कूल के लोग मेडिकल कॉलेज पहुंचे.
कानपुर ले जाते समय हुई मौत: मेडिकल कॉलेज में हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने शाम करीब 6 बजे तेजस को कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया. परिजन उसे कानपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई. इसके बाद शव को फतेहपुर लाकर मोर्चरी में रखवाया गया. पुलिस ने पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी.
परीक्षा में अनुचित साधन मिलने की बात: पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना वाले दिन परीक्षा के दौरान तेजस को अनुचित साधन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था. पुलिस को उसके पहले से अस्वस्थ रहने की जानकारी भी मिली है. वहीं, परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर पिटाई और जुर्माना लगाने के आरोप लगाए हैं.
संयुक्त टीम कर रही जांच: पुलिस के मुताबिक, स्कूल से जुड़े आरोपों की भी गंभीरता से जांच की जा रही है. पुलिस और DIOS की संयुक्त टीम मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. अभी तक परिजनों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

गाजीपुर में डायन मां ने 2 बेटों को रॉड से पीटकर मार डाला, पहले मुंह में कपड़ा ठूसा, तेज आवाज में गाना बजाया
27 अगस्त 2026
कानपुर में ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश: पायलट और ट्रेनी की मौत, धमाके के साथ नीचे गिरा
27 अगस्त 2026
काशी में बहनों ने भाई के शव को बांधी राखी, बोलीं- इस बार ऐसा सरप्राइज मिला जो बर्दाश्त नहीं हुआ
27 अगस्त 2026