जाजमऊ में बिजली के खंभे से गिरकर संविदाकर्मी की मौत, काम करते समय लगा करंट

✍️NNS Desk
जाजमऊ में बिजली के खंभे से गिरकर संविदाकर्मी की मौत, काम करते समय लगा करंट

कानपुर के जाजमऊ में रविवार सुबह 9:45 बजे बिजली के खंभे पर काम कर रहे संविदाकर्मी की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई. हादसे के दौरान करंट लगते ही कर्मी करीब 25 फीट ऊंचाई से नीचे जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया. मौके पर पहुंची पुलिस ने कांशीराम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

चकेरी के अहिरवां के विराट नगर निवासी रवि (40) रविवार सुबह करीब जाजमऊ के विश्वकर्मा द्वार के पास बिजली के खंभे पर सीढ़ी लगाकर काम कर रहे थे. परिजनों के मुताबिक, उन्हें शिकायत के बाद बिजली की लाइन जोड़ने के लिए खंभे पर चढ़ना था. इसी दौरान अचानक वह बिजली की चपेट में आ गए. करंट लगते ही उनका संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 25 फीट नीचे सड़क पर जा गिरे.

हादसे में रवि के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गए. आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही जाजमऊ पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल रवि को कांशीराम अस्पताल भेजा. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

रवि कुमार की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. मृतक के भाई अमन ने बताया कि बड़े भाई रवि परिवार में पत्नी अनीता और बेटे अभिनंदन और मयंक के साथ रहते थे. रविवार सुबह वह शिकायत पर लाइन जोड़ने के लिए विश्वकर्मा द्वार के पास खंभे पर सीढ़ी लगाकर चढ़े थे.

इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आने से वह नीचे गिर गए. परिजनों ने आरोप लगाया कि रवि बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के बिजली के खंभे पर काम कर रहे थे. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है.

जाजमऊ थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है. तहरीर मिलने पर मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

उत्तर प्रदेश से और खबरें