हमीरपुर में यज्ञ के दौरान दो पक्षों में चले जमकर लाठी-डंडे: 13 लोग घायल, 6 नामजद समेत 12 पर केस

✍️NNS Desk
हमीरपुर में यज्ञ के दौरान दो पक्षों में चले जमकर लाठी-डंडे: 13 लोग घायल, 6 नामजद समेत 12 पर केस

हमीरपुर के जरिया थाना क्षेत्र में रामजानकी मंदिर में चल रहे यज्ञ के दौरान बच्चों के बीच हुई मामूली कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई. दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले, जिसमें एक पक्ष के 13 लोग घायल हो गए. पुलिस ने घायल पक्ष की तहरीर पर 6 नामजद और 6 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

घटना जरिया थाना क्षेत्र के पहरा गांव की है. मंगलवार रात रामजानकी मंदिर में यज्ञ चल रहा था. इसी दौरान दो युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. कुछ देर बाद विवाद बढ़ गया और मंदिर के बाहर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. मारपीट में कमल, पवन, उदयभान, कपिल, सुरेश, मनीराम, राहुल, आकाश, मलखान समेत कुल 13 लोग घायल हो गए.

6 नामजद समेत 12 पर केस: घटना के बाद घायल कमल के पिता अशोक परिजनों के साथ जरिया थाने पहुंचे और तहरीर दी. उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के अरविंद, विक्रम, नीलू, राहुल, मंगल और नवल अपने छह अज्ञात साथियों के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर आए और हमला कर दिया. पुलिस ने तहरीर के आधार पर 6 नामजद और 6 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश: थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि विवाद बच्चों के बीच हुई कहासुनी से शुरू हुआ था, जो बाद में मारपीट में बदल गया. उन्होंने बताया कि नामजद आरोपी नीलू के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं. मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है.

उत्तर प्रदेश से और खबरें