बाइक चालान से गुस्साए लाइनमैन ने काट दी थाने और पुलिस चौकियों की बिजली

राजधानी लखनऊ में हेलमेट न पहनने पर एक संविदा बिजलीकर्मी का चालान काटे जाने से गुस्साए कर्मचारियों ने नगराम थाना और दो पुलिस चौकियों की बिजली आपूर्ति ही ठप कर दी. इसकी जानकारी मिलते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया. चालान काटने वाले दारोगा को फटकार लगी और चालान वापस करने का निर्देश दिया गया. इसके बाद देर रात दूसरी टीम भेजकर बिजली आपूर्ति बहाल कराई गई.
लेसा के समेसी उपकेंद्र पर तैनात संविदाकर्मी अमरेंद्र, दीपक और शत्रोघन लाल सोमवार शाम करीब छह बजे बाइक से नगराम-निगोहा मार्ग पर हाईटेंशन लाइन की पेट्रोलिंग के लिए निकले थे. समेसी इंदिरा नहर पुल के पास चेकिंग कर रहे दरोगा अनुज भाटी ने बिना हेलमेट बाइक चला रहे कर्मचारी का छह हजार रुपये का भारी-भरकम चालान काट दिया. चालान कटने से आक्रोशित बिजली कर्मचारियों ने तुरंत विभागीय बकाये की फाइलें खंगालना शुरू कर दिया.
बकाये का हवाला देते हुए कर्मचारियों ने शाम लगभग 6:18 बजे नगराम थाने, हरदोइया पुलिस चौकी और देवीखेड़ा पुलिस बूथ की बिजली काट दी. विभागीय आंकड़ों के मुताबिक नगराम थाने पर लगभग 3.5 लाख रुपए, जबकि हरदोइया चौकी और देवीखेड़ा बूथ पर करीब 1.5-1.5 लाख का बिजली बिल बकाया था.
दरोगा को पड़ी फटकार, चालान वापस लेने का निर्देश: मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग हरकत में आया. नगराम थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही चालान काटने वाले दरोगा अनुज भाटी को कड़ी फटकार लगाई गई है और काटा गया चालान वापस कराने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं.
देर रात तक अंधेरे में रहे थाने और चौकियां: बिजली कटने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. शाम को कटी बिजली रात साढ़े नौ बजे तक नहीं जोड़ी जा सकी. थाने और चौकियों पर अंधेरा छाया रहा और कार्य प्रभावित हुआ. बिजली काटने के बाद संविदा कर्मचारी ने मोबाइल फोन बंद कर लिया, जिससे संपर्क साधने में पुलिस और उच्च अधिकारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. समेसी उपकेंद्र के जेई आशीष कुमार ने दूसरे कर्मचारियों की टीम को मौके पर भेजकर बिजली आपूर्ति बहाल कराई गई.
पहले भी हो चुकी हैं इस तरह की घटनाएं: इस तरह की घटनाएं राजधानी में पहले भी हो चुकी हैं. मलिहाबाद में वर्ष 2019 में चेकिंग के दौरान हेलमेट और कागजात न होने पर पुलिस द्वारा चालान काटे जाने से नाराज एक लाइनमैन ने मलिहाबाद थाने के बिजली बिल का रिकॉर्ड खंगाला, जहां भारी बकाया निकला. गुस्साए लाइन मैन ने तुरंत खंभे पर चढ़कर थाने की बत्ती काट दी. अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद करीब छह घंटे बाद बिजली बहाल हो सकी.
इसी तरह, गोमती नगर और आशियाना क्षेत्र में अक्तूबर 2020 में ट्रैफिक पुलिस द्वारा बिना हेलमेट संविदा बिजलीकर्मी का चालान काटना भारी पड़ गया. गुस्साए कर्मचारी ने सब-स्टेशन से ब्योरा निकलवाया, जिसमें पुलिस चौकी पर लाखों का बकाया मिला. विभाग ने तुरंत चौकी का कनेक्शन काट दिया. आला अधिकारियों की वार्ता के बाद आपूर्ति शुरू हुई.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

हमीरपुर में महिला ने पति से फोन पर बात कर लगायी पेट्रोल डालकर आग, मौत
28 जुलाई 2026
आजम खां की जौहर यूनिवर्सिटी के पक्ष में आगे आयीं मायावती, बोलीं- ‘बुलडोजर नहीं चलना चाहिए’
28 जुलाई 2026
वाह री व्यवस्था! कानपुर देहात मेडिकल कॉलेज में पांच दिनों से बिजली ही नहीं
27 जुलाई 2026