नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर AC बस में आग लगी, 9 जिंदा जले; 35 यात्रियों को लेकर महोबा जा रही थी

✍️NNS Desk
नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर AC बस में आग लगी, 9 जिंदा जले; 35 यात्रियों को लेकर महोबा जा रही थी

UP के नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर प्राइवेट स्लीपर AC बस में आग लग गई. हादसे में 9 यात्री जिंदा जल गए. एक महिला घायल है. बस में 35 यात्री सवार थे. कई यात्रियों ने खिड़की तोड़कर कूदकर जान बचाई. हादसा बुधवार रात साढ़े 11 बजे जेवर एयरपोर्ट से 500 मीटर दूर हुआ.

बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से साढ़े 9 बजे महोबा के लिए निकली थी. CFO प्रदीप कुमार ने बताया- शुरुआती जांच में पता चला है कि AC में स्पार्क या ब्लास्ट से इंजन में आग लगी. हादसे की सूचना पर फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां पहुंचीं. 45 मिनट में आग बुझाई गई.

खिड़कियां तोड़कर 20 यात्रियों का रेस्क्यू किया. इसके बाद जवान बस के पीछे के हिस्से को काटकर बस के अंदर गए और एक-एक शव को बाहर निकाला. शव पूरी तरह जल गए हैं, इसलिए उनकी पहचान करना मुश्किल है. 2 घंटे तक रेस्क्यू चला. हादसे में बस पूरी तरह जल चुकी है. बस राज कल्पना ट्रैवल्स की है.

पुलिस ने ड्राइवर पवन और कंडक्टर योगेश को हिरासत में लिया है. हादसे के चलते दिल्ली-आगरा लेन 2 घंटे तक बंद रही. हमीरपुर के बस यात्री ने आरोप लगाया कि आग लगने के बाद ड्राइवर बस नहीं रोक रहा था. यात्रियों ने शीशे तोड़ने शुरू किए, तब उसने बस रोकी.

बस यात्री रिंकी राजपूत ने बताया- हादसे के वक्त ज्यादातर यात्री सो रहे थे. किसी ने मुझे जगाया. कहा- बस में आग लग गई है. देखा तो बस में अफरा-तफरी मची थी. लोग चिल्ला रहे थे. सभी एक-दूसरे को धक्का दे रहे थे। पूरी बस के अंदर धुआं भर गया था. सबका दम घुट रहा था. हम लोगों ने खिड़की तोड़ी. इसके बाद कूदकर जान बचाई. देखते ही देखते आग ने पूरी बस को चपेट में ले लिया. कई लोग बस के अंदर ही रह गए थे. 

उत्तर प्रदेश से और खबरें