गाजियाबाद में फर्नीचर फैक्ट्री में भीषण आग: टिन शेड गिरा, वेन्यू कार समेत लाखों का सामान जलकर राख

✍️NNS Desk
गाजियाबाद में फर्नीचर फैक्ट्री में भीषण आग: टिन शेड गिरा, वेन्यू कार समेत लाखों का सामान जलकर राख

UP के गाजियाबाद अंतर्गत साहिबाबाद थाना क्षेत्र से एक बड़े अग्निकांड की खबर सामने आई है. यहां साइट-4 इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक सोफा फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते उसने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुँचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया.

टिन शेड गिरने से आई रुकावट, जेसीबी की ली गई मदद: बताया जा रहा है कि आग ‘प्लॉट नंबर 534-सी’ में संचालित एसएस फर्नीचर सोफा होम फैक्ट्री में लगी थी. लपटें इतनी तेज थीं कि फैक्ट्री की छत पर लगा टिन शेड पूरी तरह पिघलकर नीचे गिर गया. टिन शेड गिरने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. इसके बाद तुरंत मौके पर जेसीबी मशीन बुलाई गई, जिसकी मदद से मलबे और टिन शेड को हटाया गया. इसके बाद फायर ब्रिगेड ने चारों तरफ से घेराबंदी कर आग पर काबू पाने की कार्रवाई तेज की.

आसपास के रिहायशी इलाके सुरक्षित, टला बड़ा हादसा: आग की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) के निर्देश पर वैशाली फायर स्टेशन से दो बड़े वाटर ब्राउज़र भी विशेष रूप से मौके पर रवाना किए गए. फायर कर्मियों की कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के चलते आग को आगे बढ़ने से रोक दिया गया. सबसे राहत की बात यह रही कि फैक्ट्री के बिल्कुल नजदीक स्थित आवासीय भवनों (Residential Buildings) को सुरक्षित बचा लिया गया, जिससे एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया.

कार, बाइक और डीजी सेट जलकर खाक, जनहानि नहीं: शुरुआती जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने की वजह विद्युत शॉर्ट सर्किट (Short Circuit) मानी जा रही है. इस भीषण अग्निकांड में फैक्ट्री के अंदर खड़ी एक हुंडई वेन्यू (Hyundai Venue) कार, एक मोटरसाइकिल, डीजी सेट (जनरेटर) समेत फैक्ट्री में रखा भारी मात्रा में सोफा, कीमती लकड़ी और अन्य कच्चा माल जलकर पूरी तरह राख हो गया.

प्रशासन के मुताबिक, हादसे के वक्त वक्त रहते लोग बाहर निकल आए थे, इसलिए इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. फिलहाल पुलिस और फायर विभाग की टीमें नुकसान का आकलन करने और आग लगने के सटीक कारणों की विस्तृत जांच में जुटी हैं.

उत्तर प्रदेश से और खबरें