आपकी लंका में आग लगने वाली है, MP-MLA से कसम खिलवाओ, सब सच उगल देंगे; अखिलेश को राजभर की नसीहत

सपा में टूट के दावे के बाद एक बार फिर सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश को यादव को नसीहत दे डाली. सोशल मीडिया एक्स प्लेटफार्म पर राजभर ने पुरानी दोस्ती की दलील देते ही अखिलेश को लेकर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखा. राजभर ने लिखा, आप पुराने मित्र हैं, इसलिए पहले ही बता दिया. आपकी लंका में आग लगने वाली है और आप दूसरों की चिंता में लगे हैं. ग़ज़ब आदमी हैं महाराज आप। बचा सकते हैं तो बचा लीजिए अपनी पार्टी को.
राजभर ने सपा प्रमुख को अल्टीमेटम देते हुए आगे लिखा, बुला लीजिए सांसदों और विधायकों की बैठक और सबके हाथ में गीता-कुरान देकर शपथ करवा लीजिए. सब सच उगल देंगे। बुलाइये ना अपने सांसदों को और उगलवाइये सच. विभीषण आप के साथ ही है, लंका में आग लगवाकर रहेगा. रही बात हमारे पैसा लेने की तो आइये ना हमारे घर. दो चार किलो आलू, प्याज और बोरी भर गेंहू मिलेगा. कौन पैसा लेकर लोडर बनाता है और कौन दबे कुचलों को नेता बनाता है, ये आप भी बेहतर जानते हैं और जनता भी अखिलेश भइया.
हमसे गठबंधन क्यों तोड़ा था? राजभर ने लिखा, आप बस यही जवाब दे दीजिए कि आपने हमसे गठबंधन क्यों तोड़ा था? यही ना कि मैंने आपसे कहा कि ज़रा एसी से निकलकर ज़मीन पर आइये, थोड़ी मेहनत कर लीजिए. आप तो एसी से निकलने को तैयार नहीं थे. तोड़ लिया समझौता. हमें सम्मान मिला तो हम पिछड़े, शोषितों और वंचितों की आवाज़ उठाने बीजेपी के साथ आए और बस उसी काम में लगे हैं. यहां एसी पीसी वाले कोई हैं नहीं. सब जनता के लिए, जनता के साथ रहते हैं. देख लीजिएगा, इस गर्मी में आप बंद कमरे में एसी की ठंडी हवा खाते रहे वे और बाहर राजनैतिक शॉर्ट सर्किट से आपकी लंका जलकर ख़ाक हो जाएगी. मेरा एक सुझाव है. सपा का विलय सुभासपा में कर लीजिए. हम आपको कुछ ना कुछ तो ज़रूर बना देंगे. इंतज़ार रहेगा आपके जवाब का.
सपा में बड़ी टूट होगी, कई नेता भाजपा में शामिल होने को तैयार: इससे पहले राजभर ने दावा किया था कि सपा में ‘बड़ी टूट होगी’ और कई नेता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के लिए भी तैयार हैं. हालांकि समाजवादी पार्टी ने इन दावों को खारिज कर दिया है. राजभर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया था कि सपा नेता राम गोपाल यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक पत्र सौंपा है. हालांकि, उन्होंने कथित पत्र के बारे में कोई विवरण नहीं दिया. राजभर ने कहा, ‘समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होगी.
राम गोपाल यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक पत्र सौंपा है.’ उन्होंने पिछले मामलों की जांच का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि सपा पर दबाव बढ़ रहा है. राजभर ने कहा, ‘खनन घोटाले और गोमती रिवर फ्रंट घोटाले का मास्टरमाइंड कौन है, यह पूरा उत्तर प्रदेश जानता है. जैसे-जैसे शिकंजा कस रहा है, सपा की चिंता बढ़ती जा रही है.’ उन्होंने दावा किया था कि यह स्थिति केवल महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल तक सीमित नहीं है और ”समूची सपा भाजपा में शामिल होने के लिए तैयार बैठी है.’
उत्तर प्रदेश से और खबरें

यूपी बोर्ड ने गाजीपुर, हरदोई, लखनऊ समेत कई जिलों के 465 स्कूलों की मान्यता समाप्त
17 जून 2026
राजभर की चिंगारी को केशव ने दी हवा, कानपुर में बोले- अखिलेश के 25-26 सांसद सपा छोड़ने को तैयार
17 जून 2026
कानपुर में शादी के नाम पर साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, 3 कॉल सेंटर का किया भंडाफोड़
17 जून 2026