Uttar Pradesh Panchayat Election Delay: UP पंचायत चुनाव 2026 पर संकट, जनगणना-बोर्ड परीक्षा के चलते टलने की संभावना

✍️By: Nation Now Samachar Desk
up-panchayat-election-2026-delay-census-board-exam

Uttar Pradesh Panchayat Election Delay : लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित UP पंचायत चुनाव 2026 को लेकर असमंजस की स्थिति बनती नजर आ रही है। माना जा रहा है कि अप्रैल-मई 2026 में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव अब समय पर कराना मुश्किल हो सकता है। प्रशासनिक तैयारियों, तकनीकी अड़चनों और जनगणना जैसे बड़े राष्ट्रीय कार्यक्रमों के चलते चुनावों के 2027 के विधानसभा चुनावों के बाद कराने की संभावना जताई जा रही है।

जनगणना और बोर्ड परीक्षाएं बनी बाधा

राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची जारी करने की तारीख 27 मार्च तय की है। इसी दौरान प्रदेश में बोर्ड परीक्षाएं भी शुरू हो जाएंगी। इसके बाद मई-जून में जनगणना के पहले चरण के तहत हाउस लिस्टिंग सर्वे होना है, जिसमें लाखों सरकारी अधिकारी और कर्मचारी लगाए जाएंगे। इससे चुनावी प्रक्रिया के लिए जरूरी प्रशासनिक संसाधन उपलब्ध नहीं रहेंगे।

मानसून और अन्य चुनाव भी चुनौती

जुलाई से मानसून शुरू हो जाता है और बरसात के मौसम में चुनाव कराने से आमतौर पर बचा जाता है। इसके अलावा अक्टूबर-नवंबर में विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक कोटे की सीटों पर चुनाव प्रस्तावित हैं। इसके बाद सीधे विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज हो जाएंगी। वहीं फरवरी 2027 में जनगणना का दूसरा चरण भी शुरू होगा।

पंचायत चुनाव के लिए समय निकालना मुश्किल

इन सभी कार्यक्रमों और जिम्मेदारियों के कारण UP पंचायत चुनाव 2026 के लिए उपयुक्त समय निकालना कठिन नजर आ रहा है। ऐसे में पंचायत चुनाव और पीछे खिसक सकते हैं।

ग्राम प्रधान संगठन की अपील

ग्राम प्रधान संगठन उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष कौशल किशोर पांडेय ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर मांग की है कि यदि पंचायत चुनाव समय पर नहीं हो पाते हैं, तो वर्तमान ग्राम प्रधानों को कार्यवाहक के रूप में जिम्मेदारी दी जाए ताकि गांवों में विकास कार्य बाधित न हों।प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर सरकार की ओर से फिलहाल कोई स्पष्ट बयान नहीं आया है, लेकिन चर्चा लगातार तेज होती जा रही है।

Headlines से और खबरें