कानपुर में बिठूर के गुदारा घाट पर गंगा स्नान करते दो मौसेरे भाई डूबे, गोताखोर तलाश में जुटे

कानपुर में बिठूर के गुदारा घाट पर सोमवार तड़के करीब तीन बजे गंगा स्नान के दौरान दो मौसेरे भाई डूब गए. घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. सूचना पर पहुंची बिठूर थाना पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और पीएसी की मदद से दोनों युवकों की तलाश के लिए व्यापक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है.
बिठूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया- “दोनों युवक चेतावनी रस्सी को पार कर गहरे पानी में स्नान करने चले गए थे. इसी दौरान दोनों गंगा में डूब गए. जल पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार दोनों की तलाश कर रही है. तेज बहाव के कारण सर्च ऑपरेशन में परेशानी आ रही है.”
गहरे पानी में जाने से बहे दोनों युवक: जानकारी के अनुसार, दोनों मौसेरे भाई तड़के सुबह करीब 3 बजे गंगा स्नान करने के लिए बिठूर के गुदारा घाट पहुँचे थे. स्नान करते समय अचानक एक भाई का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया. उसे डूबता देख दूसरे भाई ने भी बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंगा के तेज बहाव और गहराई की चपेट में आने से दोनों ही पानी में समा गए. आसपास मौजूद अन्य श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने जब युवकों को डूबते देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी.
पुलिस और गोताखोरों की टीम तलाश में जुटी: घटना की जानकारी मिलते ही बिठूर थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची. पुलिस ने बिना देर किए स्थानीय गोताखोरों को गंगा में उतारा. तड़के का समय होने और अंधेरा रहने के कारण शुरुआती तलाश में दिक्कतें आईं, लेकिन सुबह उजाला होते ही महाजाल और गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिया गया है. बिठूर पुलिस का कहना है कि दोनों युवकों की तलाश में गोताखोर लगातार प्रयास कर रहे हैं और उनके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है.
हादसे की खास बात यह रही कि सावन के तीसरे सोमवार को श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम अबिदी ने पुलिस बल के साथ बिठूर के सभी प्रमुख गंगा घाटों का निरीक्षण किया था. उन्होंने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए थे. निरीक्षण के कुछ ही देर बाद गुदारा घाट पर यह हादसा हो गया.
चकरपुर मंडी से बाइक से पहुंचे थे तीनों:सचेंडी थाना क्षेत्र के चकरपुर मंडी निवासी अभिषेक सोनकर सोमवार तड़के करीब तीन बजे अपने चचेरे भाई आशिक सोनकर (16) और मौसेरे भाई सतीश सोनकर (18) के साथ बाइक से गुदारा गंगा घाट पहुंचे थे. तीनों गंगा में स्नान कर रहे थे. इसी दौरान आशिक और सतीश स्नान करते-करते सुरक्षा के लिए लगाई गई चेतावनी रस्सी को पार कर गहरे पानी की ओर चले गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रस्सी पार करने के कुछ ही देर बाद दोनों अचानक गहरे पानी में पहुंच गए और डूबने लगे. दोनों को डूबता देखकर साथ मौजूद अभिषेक ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई. घाट पर मौजूद गोताखोरों ने तत्काल गंगा में छलांग लगाकर उनकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन तेज बहाव के कारण दोनों पानी में बहते चले गए.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

कानपुर में ’16 मिनट में 16 रुपए में कपड़े’ देने का ऑफर देने वाले धरे गये, कल मच गया था हुड़दंग
17 अगस्त 2026
IPS आशुतोष मिश्रा की मां की हत्या, अंबेडकरनगर में लूटपाट के बाद उतारा मौत के घाट
16 अगस्त 2026
Video:युवक की चाइनीज मांझे से कटकर गर्दन लटकी, मौत; हड्डी तक कट गयी
16 अगस्त 2026