कानपुर देहात के गजनेर में कपड़ा व्यापारी की संदिग्ध हालात में मौत, परिजनों ने शव रखकर लगाया जाम

✍️NNS Desk
कानपुर देहात के गजनेर में कपड़ा व्यापारी की संदिग्ध हालात में मौत, परिजनों ने शव रखकर लगाया जाम

कानपुर देहात में गजनेर थाना क्षेत्र के गंगागंज निवासी अमन भदौरिया (24) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. अमन सरवनखेड़ा में कपड़े की दुकान चलाते थे। मंगलवार रात दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान रायपुर रोड पर तड़वरा मोड़ के पास वह घायल हालत में पड़े मिले. पास में उनकी बाइक भी पड़ी थी.

जानकारी होने पर परिजन मौके पर पहुंचे और अमन को उपचार के लिए अस्पताल ले गए. देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. बुधवार सुबह करीब आठ बजे परिजन शव लेकर जिठरौली तिराहे पर पहुंच गए. यहां शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया.

परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की. इससे सड़क पर आवागमन बाधित हो गया और मौके पर तनाव की स्थिति बन गई. जाम की सूचना पर सीओ संजय सिंह समेत कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर जाम खुलवाने का प्रयास किया. एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

उत्तर प्रदेश से और खबरें