चंद्रशेखर-पूर्व गर्लफ्रेंड रोहणी के समर्थक भिड़े, जा रहे थे विनोद साहनी के परिवार से; पल्लवी पटेल पहुंच गयी

✍️NNS Desk
चंद्रशेखर-पूर्व गर्लफ्रेंड रोहणी के समर्थक भिड़े, जा रहे थे विनोद साहनी के परिवार से; पल्लवी पटेल पहुंच गयी

बाराबंकी में सांसद चंद्रशेखर और उनकी पूर्व गर्लफ्रेंड रोहिणी घावरी के समर्थक भिड़ गए. हुआ यूं कि चंद्रशेखर लखनऊ से 1 हजार कार्यकर्ताओं के साथ गोंडा में कारोबारी विनोद साहनी हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे.

इसका पता चलते ही पुलिस अलर्ट हो गई। रामनगर में 100 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने बैरिकेडिंग कर चंद्रशेखर को आगे बढ़ने से रोक दिया. इससे वह और उनके कार्यकर्ता भड़क गए. पुलिस से उनकी धक्कामुक्की भी हुई.

गुस्से में चंद्रशेखर ने कहा- “मुझे बाराबंकी में क्यों रोका जा रहा है? पुलिस की मौजूदगी में कुछ लोगों ने हमारी गाड़ियों और कार्यकर्ताओं पर पत्थर-जूते फेंके. इससे लगता है कि प्रदेश में दलितों-पिछड़ों को न जीते जी न्याय मिलेगा, न मरने के बाद.”

इसी बीच चंद्रशेखर की पूर्व गर्लफ्रेंड रोहिणी घावरी के सैकड़ों समर्थक पहुंच गए. उन्होंने ‘चंद्रशेखर रावण मुर्दाबाद’ और ‘रोहिणी घावरी को इंसाफ दो’ के नारे लगाए. उन्होंने कहा- पहले यहां इंसाफ दें, फिर वहां जाएंगे. इसके बाद चंद्रशेखर और रोहिणी के समर्थकों में बहस होने लगी. देखते ही देखते धक्कामुक्की शुरू हो गई.

दोनों पक्षों को संभालने में पुलिस के पसीने छूट गए. पुलिस ने रोहिणी के समर्थकों को किसी तरह हटाया और चंद्रशेखर को पुलिस निरीक्षण भवन के पास ले आई. वहां सांसद सड़क के बीच बैठ गए. 20-25 मिनट बाद वह कार्यकर्ताओं के साथ लखनऊ लौट गए.

इधर, पुलिस रोहिणी और चंद्रशेखर के कार्यकर्ताओं को संभालने में लगी थी. इसी दौरान विधायक पल्लवी पटेल पुलिस को चकमा देकर वहां से निकल गईं. पीड़ित परिवार से मुलाकात की.

उन्होंने कहा- “आरोपियों को बिना किसी दबाव के गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए. आरोपियों पर NSA लगाया जाए. परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, मुआवजा-सुरक्षा दी जाए. अगर आरोपियों को बचाने के लिए किसी स्तर से दबाव बनाया गया तो परिवार के साथ खड़ी होकर लड़ाई लड़ूंगी.”

उत्तर प्रदेश से और खबरें