हाथरस में रेलवे फाटक तोड़कर ट्रैक के पास पहुंचा तेज रफ्तार ट्रक, टला बड़ा हादसा

✍️NNS Desk
हाथरस में रेलवे फाटक तोड़कर ट्रैक के पास पहुंचा तेज रफ्तार ट्रक, टला बड़ा हादसा

UP के हाथरस के मुरसान कस्बे में रेलवे फाटक संख्या 324 सी के पास देर रात एक बड़ा हादसा टल गया. एक तेज रफ्तार ट्रक रेलवे लाइन के किनारे लगे सुरक्षा गार्डरों और दीवार को तोड़ता हुआ ट्रैक के करीब पहुंच गया. घटना रात करीब 12 बजे हुई, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

ट्रक की गति इतनी अधिक थी कि वह रेलवे की सुरक्षा घेरे को भेदते हुए रेलवे लाइन से कुछ ही दूरी पर जाकर रुका. अगर हादसा 30 मीटर और आगे होता, तो कई लोगों की जान जा सकती थी. घटनास्थल से लगभग 30 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे लोहार समाज के करीब 15 लोगों का परिवार 35 वर्षों से अधिक समय से डेरा डालकर रहता है. ये लोग दिन में मजदूरी करते हैं और रात को अपने तंबुओं में रहते हैं.

चालक को आई थी झपकी: ट्रक चालक रविंद्र पुत्र राधेश्याम, निवासी नगला टीका, हाथरस ने बताया कि वह रात करीब 10 बजे प्रयागराज से भूसी भरकर हाथरस होते हुए कोसी, मथुरा जा रहा था. चालक के अनुसार, उसे मथुरा रुककर आराम करना था और सुबह 9 बजे कोसी पहुंचना था, लेकिन मुरसान पहुंचते ही उसे नींद आ गई.

ट्रक चालक हिरासत में : नींद आने के कारण ट्रक रेलवे फाटक 324 सी के पास रेलवे के सुरक्षा गाडरों, पेड़-पौधों और एक दीवार को तोड़ता हुआ रेलवे लाइन की ओर घुस गया. चालक ने तुरंत अपने ट्रक मालिक को सूचना दी, जिसके बाद रेलवे पुलिस भी मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में ले लिया.

सड़क किनारे झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाली रनिया ने मुरसान नगर पंचायत अध्यक्ष और प्रशासन से मांग की है कि उनके परिवारों को कस्बे या आसपास के इलाके में रहने के लिए दूसरी जगह उपलब्ध कराई जाए. उन्होंने बताया कि 35 वर्षों से अधिक समय से सड़क किनारे रहने के कारण उन्हें आए दिन वाहनों से खतरा बना रहता है.

उत्तर प्रदेश से और खबरें