प्रयागराज में परिवार की दो महिलाओं समेत 3 की हत्या से सनसनी, दौड़ा-दौड़ाकर मारा

✍️NNS Desk
प्रयागराज में परिवार की दो महिलाओं समेत 3 की हत्या से सनसनी, दौड़ा-दौड़ाकर मारा

प्रयागराज में एक परिवार के 3 लोगों की हत्या कर दी गई. इनमें 2 महिलाएं हैं. हमलावरों ने घर में दौड़ा-दौड़ाकर वारदात की. खून से लथपथ परिवार के सदस्यों की लाशें घर के अंदर से बाहर तक पड़ी थीं. सभी के सिर पर कुल्हाड़ी जैसी भारी वस्तु से हमला किया गया.

वारदात के समय घर में 4 लोग थे. 60 साल की एक महिला घर में और थी, वह सुरक्षित है. महिला मानसिक विक्षिप्त बताई जा रही है. वारदात जिला मुख्यालय से 40 किमी दूर मेजा थाना के कुकुरकटवा गांव में सोमवार रात हुई.

मंगलवार सुबह जब पड़ोसी उठे तो ट्रिपल हत्याकांड का पता चला. पुलिस के मुताबिक, श्यामलाल गुप्ता उर्फ कल्लू (65) और उनके दो भाई की पत्नियों की लाश मिली है. सभी की लाश घर के आहते से लेकर बाहर पड़ी हुई थीं.

डीसीपी यमुनापार विवेक चंद्र यादव ने बताया कि “परिजनों ने पड़ोसी लड़के पर प्रेम प्रसंग को लेकर नामजद तहरीर दी है. आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी.”

पड़ोसी पर धमकी देने का आरोप, रंजिश की आशंका: ट्रिपल मर्डर की इस खौफनाक वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है. पीड़ित परिवार के सदस्यों का आरोप है कि पड़ोस के ही एक युवक ने करीब एक सप्ताह पहले पूरे परिवार को जान से मारने और खत्म करने की धमकी दी थी.

मौके पर पहुंचे आला अधिकारी, जांच में जुटी फोरेंसिक टीम: तिहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही मेजा थाना पुलिस के साथ-साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए. घटनास्थल पर यमुनानगर के डीसीपी विवेक चंद्र यादव और एसीपी मेजा खुद मौजूद हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीमों ने मौके से साक्ष्य जुटाना शुरू कर दिया है.

पुलिस ने तीनों शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस के आला अधिकारियों का दावा है कि मामले की जांच के लिए टीमें लगा दी गई हैं और जल्द ही इस ट्रिपल मर्डर मिस्ट्री का खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.

उत्तर प्रदेश से और खबरें