प्राइवेट सेक्टर की कंपनी ने घटाये पेट्रोल-डीजल के दाम, सरकारी कंपनियों की अभी ‘नो’

✍️NNS Desk
प्राइवेट सेक्टर की कंपनी ने घटाये पेट्रोल-डीजल के दाम, सरकारी कंपनियों की अभी ‘नो’

आज 1 जुलाई को करीब 7000 पंपों पर पेट्रोल-डीजल सस्ते होने की खबर आ गई है. नायरा एनर्जी ने पेट्रोल-डीजल के दाम घटा दिए हैं. आम लोगों को राहत देते हुए कंपनी की नई दरें बुधवार से लागू कर दी हैं. अब आज से इन पंपो पर पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर, जबकि डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई है. हालांकि, अभी अन्य तेल कंपनियां IOC, HPCL, BPCL ने पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर रखे हैं.

पश्चिम एशिया में तनाव कम होने से अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों में गिरावट के बीच यह कटौती की गई. पिछले दो साल में किसी कंपनी ने पहली बार ईंधन की खुदरा कीमतों में कटौती की है. पश्चिम एशिया में तनाव अपेक्षाकृत कम होने और एक महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग फिर से खुलने से कच्चे तेल तथा एलएनजी की आपूर्ति बहाल हुई है. इससे आपूर्ति बाधित होने की आशंका कम हुई और वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई.

उद्योग से जुड़े सूत्रों ने बताया कि संशोधित दरें देशभर में नायरा के 7,000 से अधिक पेट्रोल पंप पर लागू हो गई हैं. मूल्य वर्धित कर (वैट) जैसे स्थानीय करों के कारण विभिन्न राज्यों में पेट्रोल पंपों पर कीमतें अलग-अलग होती हैं.

सरकारी कंपनियों ने नहीं घटाए दाम: हालांकि, सार्वजनिक क्षेत्र की ईंधन खुदरा विक्रेता कंपनियों ने कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है. सरकारी स्वामित्व वाली इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने कीमतों में किसी संशोधन की घोषणा नहीं की. इनके पास देश के 1 लाख से अधिक पंप हैं। दिल्ली में इनके पंपों पर पेट्रोल ₹102.12 प्रति लीटर और डीजल ₹95.20 प्रति लीटर पर बना हुआ है.

क्या हुआ था पहले? 26 मार्च को जब ईरान संघर्ष (Iran conflict) शुरू हुआ था, तब अंतरराष्ट्रीय तेल की कीमतें बढ़ गई थीं। उस समय नयारा ने पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर बढ़ा दिया था. इसके बाद मई में सरकारी कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल दोनों में ₹7.50 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी.

अब नयारा ने अपनी मार्च वाली बढ़ोतरी को पूरी तरह से खत्म कर दिया है. यह पहला संकेत है कि वैश्विक तेल बाजार स्थिर होने के बाद भारतीय उपभोक्ताओं को सस्ते ईंधन का फायदा मिलना शुरू हुआ है.

कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम घटे: ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने LPG Cylinder Price Cut का तोहफा देते हुए 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 183 रुपये से ज्यादा की कटौती की है. इस बदलाव के बाद 1 जुलाई से दिल्ली में 3,113.50 रुपये का मिलने वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब 2,930 रुपये का रह गया है यानी ये 183.50 रुपये सस्ता हुआ है. कोलकाता में ये 3255.50 रुपये से घटकर 3,081.50 रुपये का, लखनऊ में 3,052.50 रुपये और पटना में 3,227 रुपये का हो गया है. हालांकि, इस बार भी घर की रसोई में इस्तेमाल होने वाले 14 Kg LPG Cylinder Price को स्थिर रखा गया है और इसकी कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.

business news से और खबरें