‘सिर्फ 15 मिनट में दबोचा’, टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाले शूटर ऐसे पकड़े गए

मुंबई के जुहू में रविवार शाम बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के सनसनीखेज मामले में राजस्थान की कोटा पुलिस बड़ी सफलता हासिल की है। मुंबई पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर कोटा पुलिस ने केवल 15 मिनट के भीतर ट्रेन में सर्च ऑपरेशन चलाकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े तीनों मुख्य संदिग्धों को धर दबोचा है।
कोटा पुलिस अधीक्षक (SP) तेजस्विनी गौतम ने सोमवार को बताया कि तीनों आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद ट्रेन पकड़कर राजस्थान के रास्ते दिल्ली और फिर नेपाल भागने की योजना बना रहे थे, लेकिन कोटा जंक्शन पर ही उनकी यह साजिश नाकाम कर दी गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान: पुलिस हिरासत में लिए गए तीनों आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है।
➤रेहान उर्फ सुक्का (मेन शूटर): सोनीपत (हरियाणा) का रहने वाला।
➤ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन: बेगूसराय (बिहार) का निवासी, जो पिछले कुछ सालों से मुंबई में रह रहा था।
➤एक नाबालिग: सोनीपत का रहने वाला, जिसे मुख्य आरोपी रेहान अपने साथ मुंबई लेकर आया था।
पुलिस ने बताया कि इन शूटरों को टाइगर श्रॉफ पर गोली चलाने के लिए 50,000 रुपए एडवांस मिले थे।
कोटा एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि तीनों संदिग्धों को आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं के बाद आगे की विस्तृत जांच और पूछताछ के लिए मुंबई पुलिस की टीम को सौंपा जा रहा है।
जयपुर होकर नेपाल भागने का था प्लान: शुरुआती पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। फायरिंग करने के तुरंत बाद आरोपी रेलवे स्टेशन पहुंचे और ट्रेन में सवार हो गए। उनका प्लान ट्रेन के आखिरी स्टॉप जयपुर उतरने का था। वहां से बस पकड़कर दिल्ली और फिर सड़क मार्ग से नेपाल की सीमा पार कर देश से फरार होने की तैयारी थी।
पुलिस को फिलहाल आरोपियों के पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है। पुलिस को अंदेशा है कि वारदात में इस्तेमाल पिस्टल और हथियार उन्होंने मुंबई में ही कहीं ठिकाने लगा दिए थे या रास्ते में फेंक दिए थे। मुंबई पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर हथियारों की बरामदगी करेगी।
अमेरिका से काम कर रहे गैंगस्टर अनिल पंडित से जुड़ा कनेक्शन: कोटा पुलिस की शुरुआती जांच में बिश्नोई गैंग के विदेशी नेटवर्क की पुष्टि हुई है। पुलिस के अनुसार, इस पूरे हमले का मुख्य साजिशकर्ता रेहान सीधे अनिल पंडित के संपर्क में था। अनिल पंडित, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा एक भगोड़ा गैंगस्टर है, जो फिलहाल अमेरिका में बैठकर भारत में रंगदारी और फायरिंग के नेटवर्क को ऑपरेट कर रहा है।
अनिल पंडित के कहने पर ही रेहान ने सोनीपत से नाबालिग को साथ लिया, मुंबई पहुंचा और वहां पहले से मौजूद ऋतिक कुर्मी के साथ मिलकर रविवार शाम जुहू में जमुनाबाई नर्सरी पार्क के पास टाइगर श्रॉफ की कार पर 7 राउंड गोलियां दागीं।
मुंबई पुलिस की 15 अलग-अलग टीमें इस मामले में साजिश की पूरी कड़ी जोड़ने, सोशल मीडिया धमकियों की फॉरेंसिक जांच करने और अन्य मददगारों की गिरफ्तारी के लिए जुटी हुई हैं।
राष्ट्रीय से और खबरें

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग में दो हमलावरों की पहली तस्वीर सामने आई, अंधेरी स्टेशन से बाइक बरामद
19 अक्तूबर 2026
फ्रांस और बांग्लादेश में जैसी हिंसा हुई, वैसी ही भारत के लिए भी रची गई थी: किरेन रिजिजू
18 अक्तूबर 2026
ग्वालियर में ट्रक श्रद्धालुओं को रौंदता हुआ दीवार से टकराया, 15 मरे 26 घायल; सभी मंदिर की लाइन में खड़े थे
18 अक्तूबर 2026