कानपुर देहात के शिवली में कच्चा मकान ढहा, मलबे में दबकर मां-बेटी की दर्दनाक मौत

✍️NNS Desk
कानपुर देहात के शिवली में कच्चा मकान ढहा, मलबे में दबकर मां-बेटी की दर्दनाक मौत

कानपुर देहात के शिवली थाना क्षेत्र अंतर्गत नवल निवादा गांव में शनिवार देर रात तेज बारिश के बीच बारिश के कारण कच्चा मकान ढहने से मलबे में दबकर मां और बेटी की मौत हो गई. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला और सीएचसी शिवली पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

नवल निवादा निवासी दिवंगत रामेश्वर पाल की पत्नी शांति देवी (70), बेटी नीलू (30) के साथ गांव के कच्चे मकान में रह रही थी. एक बेटा ट्रक चालक है वह घर से बाहर था. शनिवार रात बारिश के बीच मकान की छत ढह गई.

देर रात डायल 112 को दी सूचना: मलबे में मां बेटी दब गई. पड़ोसी ने मकान गिरने पर रात करीब 2:40 बजे डायल 112 को सूचना दी. सूचना पर अधिकारी पुलिस बल के साथ नवल निवादा गांव पहुंचे. पुलिस और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला.

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे: इसके बाद दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. एसडीएम प्रतिभा मिश्रा समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. थानाध्यक्ष अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं.

उत्तर प्रदेश से और खबरें