चोरी के डर से घर के दरवाजे में दौड़ा रखा था करंट, खेलते-खेलते पहुंचा 5 साल का बच्चा; हो गई मौत

✍️NNS Desk
चोरी के डर से घर के दरवाजे में दौड़ा रखा था करंट, खेलते-खेलते पहुंचा 5 साल का बच्चा; हो गई मौत

UP के देवरिया में चोरी रोकने के लिए लगाया गया करंट एक मासूम बच्चे की जान ले गया. मईल थाना क्षेत्र के बलिया दक्षिण गांव में मकान मालिक ने घर के दरवाजे की जगह लोहे के फ्रेम वाली चारपाई लगाकर उसमें तारों का जाल बुन रखा था. इस जाल में करंट प्रवाहित किया गया था. गुरुवार शाम खेलते-खेलते 5 साल का कार्तिक वहां पहुंच गया और लोहे के फ्रेम के संपर्क में आते ही उससे चिपक गया. करंट लगने से उसकी मौत हो गई. इस दौरान एक बच्ची भी झुलस गई.

बताया जा रहा है कि बलिया दक्षिण गांव निवासी हंसराज अपने भाइयों के साथ हैदराबाद में नौकरी करते हैं. गांव में उनकी पत्नी संगीता देवी और दो बेटे रहते हैं. उनका बड़ा बेटा कार्तिक गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक में पढ़ता था.

गुरुवार शाम कार्तिक गांव के अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था. खेलते-खेलते बच्चे पड़ोस के एक मकान के पास पहुंच गए. वहां दरवाजे की जगह लोहे के फ्रेम वाली चारपाई लगी थी. आरोपी ने इस फ्रेम में पतले तारों का जाल बुनकर उसमें बिजली का करंट प्रवाहित कर रखा था. कार्तिक जैसे ही उसके संपर्क में आया, वह फ्रेम से चिपक गया और चीखने लगा. उसके साथ मौजूद एक बच्ची भी करंट की चपेट में आकर झुलस गई.

बच्चों की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. किसी तरह दोनों को वहां से निकालकर भागलपुर पीएचसी ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने कार्तिक को मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मासूम की मौत के बाद उसकी मां संगीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है.

बाबा की तहरीर पर केस, आरोपी गिरफ्तार: मृतक के बाबा किशुन ने मईल थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि आरोपी ने चोरी रोकने के लिए जानबूझकर लोहे के फ्रेम में करंट प्रवाहित कर रखा था. पुलिस ने मामले में गैर इरादतन हत्या की धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया.

मईल थाना प्रभारी के मुताबिक जांच में सामने आया कि आरोपी शहाबुद्दीन पुत्र मुमताज ने लोहे के फ्रेम में तारों का जाल बनाकर उसमें करंट लगा रखा था. पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को गांव से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसने बताया कि चोरी के डर से उसने घर के दरवाजे की जगह लोहे के फ्रेम वाली चारपाई में तार बुनकर करंट लगाया था. पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. अब पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.

उत्तर प्रदेश से और खबरें