कानपुर : दिल दहला देने वाली वारदात पिता ने जुड़वा बेटियों की गला रेतकर की हत्या,आरोपी पिता गिरफ्तार।

✍️Amisha Sachan
कानपुर में दिल दहला देने वाली वारदात पिता ने जुड़वा बेटियों की गला रेतकर की हत्या,आरोपी पिता गिरफ्तार।

कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत किदवई नगर स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में देर रात एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जहाँ एक पिता ने अपनी ही 11 वर्षीय जुड़वा बेटियों की स्टील के चापड़ से गला रेतकर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार आरोपी शशि रंजन मिश्रा, जो पेशे से दवा व्यापारी बताया जा रहा है, घटना के बाद खुद ही 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस जब घर के अंदर दाखिल हुई तो कमरे में दोनों बच्चियों के शव जमीन पर पड़े मिले, जबकि उनकी मां रेशमा और 6 वर्षीय भाई गुन्नू उसी कमरे में सो रहे थे।


मृतक बच्चियों की पहचान रिद्धि और सिद्धि के रूप में हुई है, जो कक्षा 5 की छात्राएं थीं। परिवार पिछले करीब 7 वर्षों से किदवई नगर के त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में किराए पर रह रहा था। आरोपी मूल रूप से बिहार का रहने वाला है, जबकि उसकी पत्नी पश्चिम बंगाल की निवासी बताई जा रही है।


पत्नी रेशमा के मुताबिक, शशि रंजन मिश्रा अक्सर शराब के नशे में घर आता था और आए दिन विवाद व मारपीट करता था। बताया जा रहा है कि घटना वाली रात भी किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया।प्रारंभिक आशंका यह भी जताई जा रही है कि आरोपी ने घटना से पहले परिवार को नींद की गोलियां दी हों, क्योंकि हत्या के समय मां और बेटा उसी कमरे में मौजूद होने के बावजूद उन्हें कोई भनक नहीं लगी। हालांकि इस बात की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।फिलहाल पुलिस इस जघन्य हत्या के पीछे की असली वजह जानने में जुटी है। पूरे इलाके में इस घटना के बाद सनसनी और शोक का माहौल है।

उत्तर प्रदेश से और खबरें