IPS आशुतोष मिश्रा की मां की हत्या, अंबेडकरनगर में लूटपाट के बाद उतारा मौत के घाट

✍️NNS Desk
IPS आशुतोष मिश्रा की मां की हत्या, अंबेडकरनगर में लूटपाट के बाद उतारा मौत के घाट

UP के अंबेडकरनगर में आईपीएस आशुतोष मिश्रा की मां की लूटपाट के बाद हत्या कर दी गई. बताया गया कि आईपीएस अफसर आशुतोष मिश्रा की मां मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा गांव में अकेले घर में रहती थीं. बीती रात अज्ञात लोग घर में घुस गए और लूटपाट की. लूटपाट के बाद बदमाशों ने आशुतोष मिश्रा की मां की हत्या कर दी. रविवार सुबह लोगों को घटना की जानकारी हुई. सुबह जब मृतक की देखभाल करने वाली दाई घर पहुंची तो जानकारी हुई. सूचना पर अयोध्या रेंज के आईजी भी घटना स्थल पर पहुंचे. बताया गया कि 15 अगस्त को आईपीएस अफसर आशु​तोष मिश्रा एक विद्यालय के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे. शाम को वापस चले गए थे.

आईपीएस बेटे की लखनऊ में है तैनाती: बता दें कि आईपीएस आशुतोष मिश्रा की तैनाती उत्तर प्रदेश पुलिस में पुलिस अधीक्षक हेडक्वार्टर के पद पर है. रविवार दोपहर को आशुतोष मिश्रा को उनके चाचा सचिंद्र मिश्रा ने फोनकर बताया कि मां इंद्रावती को हार्ट अटैक आया है. इसके बाद आशुतोष मिश्रा लखनऊ से सीधे गांव पहुंच गए. परिजनों के साथ मां का शव देखकर उनके होश उड़ गए. परिजनों के मुताबिक, इंद्रावती के गले से सोने की चेन, सोने के दानों वाली तुलसी की माला, नाक की कील और कान के टॉप्स गायब थे.

मुंह से निकल रहा था खून: साथ ही इंद्रावती के मुंह से ब्लड निकल रहा था. शव को देखकर मौत पर सवाल खड़े हो गए. इसके बाद परिजनों ने लूटपाट के बाद हत्या की आशंका जताई. सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. साथ ही पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह का पता चल सकेगा. फिलहाल इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है.

अकेले घर में रहती थीं : पूछताछ में पता चला कि आशुतोष मिश्रा की मां इंद्रावती 94 साल की थीं. गांव में वह अकेले रहती थीं. उनकी देखरेख के लिए एक दाई रख रखी थी. रविवार सुबह जब दाई घर पहुंची तो उन्हें मृत पाया. सूचना पर अयोध्या रेंज के आईजी भी मौके पर पहुंच गए. मौत के बाद शरीर से जेवर गायब होने और मुंह से ब्लड आने की परिस्थितियों ने मामले को गंभीर और संदिग्ध बना दिया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हत्या है या स्वाभाविक मौत है?.

अम्बेडकर नगर से और खबरें