हमीरपुर के राठ में अवैध संबंधों के चलते छोटे ने बड़े भाई को गला रेतकर मार डाला

✍️NNS Desk
हमीरपुर के राठ में अवैध संबंधों के चलते छोटे ने बड़े भाई को गला रेतकर मार डाला

हमीरपुर जनपद के राठ कोतवाली क्षेत्र के स्यावरी गांव में छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी. यह वारदात बड़े भाई को आपत्तिजनक अवस्था में देखने के बाद अवैध संबंधों के आक्रोश में अंजाम दी गई. घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया.

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. जानकारी के अनुसार, स्यावरी गांव निवासी 67 वर्षीय श्यामबिहारी राजपूत की हत्या उनके छोटे भाई हरदयाल ने की. हरदयाल ने श्यामबिहारी को एक महिला के साथ आपत्तिजनक अवस्था में देख लिया था, जिसके बाद उसने धारदार हथियार से गला रेतकर वारदात को अंजाम दिया. मृतक के भतीजे देवसिंह ने बताया कि उनके बड़े पापा श्यामबिहारी अकेले रहते थे और उनकी पत्नी का निधन कई साल पहले हो चुका था. देवसिंह के अनुसार, उनके पिता हरदयाल जवाहर नवोदय विद्यालय में खाना बनाने का काम करते हैं.

मृतक 67 वर्षीय श्यामबिहारी राजपूत

देवसिंह ने बताया कि सोमवार रात करीब 12:30 बजे उनके पिता हरदयाल ने अपने बड़े भाई श्यामबिहारी को आपत्तिजनक अवस्था में देखा. इसके बाद आक्रोशित होकर उन्होंने श्यामबिहारी की हत्या कर दी. देवसिंह उस समय अपनी मां माया देवी के साथ गांव के दूसरे मकान में सो रहे थे. वारदात को अंजाम देने के बाद पिता ने उन्हें जगाकर घटना की जानकारी दी. श्यामबिहारी के पास तीन बीघा कृषि भूमि थी, जिससे वे अपना भरण-पोषण करते थे. फिलहाल, आरोपी हरदयाल पुलिस हिरासत में है.

राठ कोतवाली के प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

उत्तर प्रदेश से और खबरें