जौनपुर में रोटावेटर में फंसकर बच्चे का सिर धड़ से अलग, हाथ का पंजा भी कटा; शव रखकर प्रदर्शन

✍️NNS Desk
जौनपुर में रोटावेटर में फंसकर बच्चे का सिर धड़ से अलग, हाथ का पंजा भी कटा; शव रखकर प्रदर्शन

UP के जौनपुर में शनिवार सुबह खेत की जुताई के दौरान 8 साल का बच्चा रोटावेटर में फंस गया. उसका सिर धड़ से अलग हो गया. एक हाथ का पंजा और पैर भी कट गया. बच्चा खेलते-खेलते खेत पहुंचा था. वह रोटावेटर पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था, तभी उसकी चपेट में आ गया.

हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक बच्चे का शव निकालकर खेत में छोड़कर भाग गया. करीब आधे घंटे बाद वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने शव देखकर परिजनों को सूचना दी. बेटे का शव देखकर माता-पिता बेसुध हो गए.

गुस्साए परिजनों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. सूचना पर सीओ मछलीशहर परमानंद कुशवाहा चार थानों की पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे. परिजनों ने कहा- जब तक आरोपी की गिरफ्तारी, मुआवजे और घर देने का आश्वासन नहीं मिलता, तब तक अंतिम संस्कार नहीं करेंगे.

सीओ ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. घटना जिला मुख्यालय से 50 किमी दूर मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र की है.

क्लास-3 में पढ़ता था बच्चा: मधुपुर गांव में विनोद सरोज पत्नी और 3 बच्चों के साथ रहते हैं. विशाल सबसे बड़ा था. दूसरे नंबर पर उसका भाई रितेश (6) और सबसे छोटी बहन मुस्कान (4) है। विशाल गांव के प्राथमिक स्कूल में तीसरी क्लास में पढ़ता था. स्कूल के बाद वह पिता के काम में भी हाथ बंटाता था.

विशाल के बड़े पिता भारत सरोज ने बताया- सुबह 9 बजे घर से 300 मीटर दूर खेत में जुताई हो रही थी. इसी दौरान विशाल खेलते-खेलते खेत में पहुंच गया और रोटावेटर की चपेट में आ गया.

उन्होंने बताया- हम लोग घर पर टीवी देख रहे थे. तभी गांव के एक व्यक्ति ने खेत में शव पड़ा होने की सूचना दी. हम दौड़कर पहुंचे तो विशाल का क्षत-विक्षत शव पड़ा था.

सीओ मछलीशहर परमानंद कुशवाहा ने बताया- “परिजनों की शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है. शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आरोपी की तलाश की जा रही है. जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.”

उत्तर प्रदेश से और खबरें