कानपुर में छुट्टी पर घर आयी महिला सिपाही फंदे पर लटकी मिली, 6 महीने पहले हुई भर्ती

✍️NNS Desk
कानपुर में छुट्टी पर घर आयी महिला सिपाही फंदे पर लटकी मिली, 6 महीने पहले हुई भर्ती

कानपुर के रेउना क्षेत्र के गिरसी गांव में बुधवार को छुट्टी पर घर आई रिक्रूट महिला सिपाही की मौत हो गई. 22 वर्षीय प्रतीक्षा यूपी पुलिस में भर्ती होने के करीब छह महीने बाद पहली पोस्टिंग पर रायबरेली के मोहनगंज थाने में तैनात थी. बुधवार दोपहर करीब एक बजे वह छुट्टी लेकर घर पहुंची थी.

कुछ देर बाद वह छत पर बने कमरे में चली गई. परिजनों को घटना की जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई. फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. महिला सिपाही का मोबाइल फोन रीसेट मिला है. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.

मां से आराम करने की बात कहकर ऊपर गई थी: गिरसी गांव निवासी विजय सिंह वैस ने बताया कि उनकी बेटी प्रतीक्षा की करीब छह महीने पहले यूपी पुलिस में महिला सिपाही के पद पर ज्वाइनिंग हुई थी. पहली पोस्टिंग रायबरेली जिले के मोहनगंज थाने में मिली थी. बुधवार दोपहर करीब एक बजे वह छुट्टी पर घर आई थी. उस समय घर में मां सुषमा, पिता विजय सिंह, भाई राजवीर और बहनें दीपा व दिव्या मौजूद थीं.

घर पहुंचने के बाद प्रतीक्षा ने मां से आराम करने की बात कही और छत पर बने कमरे में चली गई. कुछ देर बाद परिजनों ने उसे खाना खाने के लिए बुलाया, लेकिन उसने मना कर दिया. परिवार के लोग नीचे खाना खाने चले गए.

दरवाजा बंद मिलने पर परिजनों को हुई जानकारी: करीब दो बजे बहन दिव्या ऊपर कमरे की ओर गई. दरवाजा बंद मिलने पर उसने मां को बुलाया और फिर पिता को जानकारी दी. परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला तो प्रतीक्षा की हालत देखकर पुलिस को सूचना दी.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई: सूचना पर रेउना पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाया. टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए. इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस परिवार के सदस्यों से जानकारी जुटाने के साथ मामले की जांच कर रही है.

रेउना थाना प्रभारी अनुज राजपूत ने बताया कि पिता की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. महिला आरक्षी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

उत्तर प्रदेश से और खबरें