कल्याणपुर में डंपर ने स्कूटी सवार को रौंदा, एक की मौत; हार्ट ऑपरेशन के उपकरण ले जा रहा था

✍️NNS Desk
कल्याणपुर में डंपर ने स्कूटी सवार को रौंदा, एक की मौत; हार्ट ऑपरेशन के उपकरण ले जा रहा था

कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने रेपिडो स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार दोनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे. हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर भागने लगा.

इसी दौरान पीछे बैठे युवक को डंपर ने अपनी चपेट में ले लिया और वह पहिये के नीचे आ गया. गंभीर रूप से कुचल जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई वहीं स्कूटी चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.

हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया.

एसए हेल्थ टेक कंपनी में काम कर रहा था फैजान: जानकारी के मुताबिक बिठूर थाना क्षेत्र निवासी सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि बर्रा निवासी फैजान (30) मेडिकल उपकरण बेचने वाली कंपनी एसए हेल्थ टेक में करीब तीन महीने से कार्यरत था. बुधवार सुबह बिठूर स्थित पारस अस्पताल में एक मरीज के हार्ट का ऑपरेशन होना था.

ऑपरेशन से संबंधित जरूरी उपकरण लेकर फैजान सुबह करीब सात बजे बर्रा से रेपिडो बुक कर बिठूर के लिए निकला था.

रेपिडो स्कूटी को प्रांजुल मिश्रा चला रहा था. जैसे ही दोनों कल्याणपुर क्षेत्र में बिठूर स्थित डीपीएस स्कूल के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार डंपर ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे.

हादसे के बाद डंपर चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर भागने का प्रयास किया. इसी दौरान फैजान डंपर के पहिये की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं प्रांजुल मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गया.

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी. कुछ ही देर में कल्याणपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने फैजान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घायल प्रांजुल को पहले पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया.

दिसंबर में होनी थी फैजान की शादी: हादसे की जानकारी मिलते ही फैजान के परिवार में कोहराम मच गया. कंपनी के कर्मचारी सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि फैजान का स्वभाव बेहद मिलनसार था और कंपनी में आने के महज तीन महीने में ही वह सभी का चहेता बन गया था.

फैजान के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है. परिवार में उसका बड़ा भाई नूर आलम है. फैजान की शादी तय हो चुकी थी और इसी वर्ष दिसंबर में उसकी शादी होनी थी. शादी की तैयारियों और खुशियों के बीच हुए हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया.

सत्येंद्र ने बताया कि घटना की जानकारी फैजान के भाई को फोन कर दे दी गई है. कंपनी के कर्मचारियों में भी हादसे के बाद शोक की लहर है.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस: कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि हादसे के बाद फरार डंपर चालक की तलाश तेज कर दी गई है. घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.

डंपर की पहचान और चालक तक पहुंचने के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं. जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

Breaking News से और खबरें