महोबा में डंपर ने मारी भाजपा विधायक के एस्कॉर्ट वाहन को टक्कर, गनर-गार्ड सहित 3 घायल

✍️NNS Desk
महोबा में डंपर ने मारी भाजपा विधायक के एस्कॉर्ट वाहन को टक्कर, गनर-गार्ड सहित 3 घायल

महोबा में चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत बुधवार रात करीब 12:25 बजे भीषण सड़क हादसे का शिकार होते-होते बच गए. ड्राइवर की सूझबूझ से उनकी जान बच गई लेकिन डंपर की टक्कर से पीछे चल रहे एस्कॉर्ट वाहन में सवार सरकारी गनर, निजी सुरक्षा गार्ड और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी भीषण थी कि एस्कॉर्ट वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके पुर्जे सड़क पर बिखर गए.डंपर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है.

विधायक ने दावा किया कि उनकी हत्या की कोशिश की गई. उनका कहना है कि दो महीने पहले ही उन्होंने सीएम, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और डीजीपी को पत्र लिखकर अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई थी. घटना जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर खरेला थाना क्षेत्र की है. विधायक ने बताया कि वह एक शादी समारोह से घर लौट रहे थे. इसी दौरान एक डंपर ने उनकी कार को टक्कर मारने की कोशिश की। हालांकि, चालक ने कार को सड़क किनारे खंती में उतार दिया, जिससे वह बाल-बाल बच गए। विधायक ने पूरे मामले की एसआईटी जांच कराने की मांग की है.

चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत बुधवार शाम हमीरपुर जिले के मुस्करा थाना क्षेत्र के चंदौरा पंडुआ डेरा गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे. वहां से रात करीब 12:20 बजे वह घर लौट रहे थे। उनके काफिले में उनकी निजी कार के अलावा दो एस्कॉर्ट वाहन भी शामिल थे. इनमें पीए, चालक, गनर समेत छह सुरक्षाकर्मी सवार थे. रात करीब 12:35 बजे महोबा के खरेला थाना क्षेत्र में संकट मोचन मंदिर के पास उनकी कार पहुंची तभी सामने से आ रहा केले से लदा डंपर अनियंत्रित होकर उनकी ओर बढ़ने लगा. विधायक के चालक रविकांत मिश्रा ने स्थिति भांपते हुए तुरंत कार को सड़क से नीचे खंती में उतार दिया. इससे विधायक की कार डंपर की सीधी चपेट में आने से बच गई और बड़ा हादसा टल गया. हालांकि, विधायक की कार के पीछे चल रही एस्कॉर्ट स्कॉर्पियो को डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में एस्कॉर्ट वाहन में सवार छह लोगों में से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में विधायक के सरकारी गनर श्याम सिंह, निजी सुरक्षा गार्ड किशनपाल और चालक जितेंद्र शामिल हैं. घायलों को खरेला सीएचसी में भर्ती कराया गया है.

एक्सीडेंट के कारण विधायक के एस्कॉर्ट में शामिल 3 लोग घायल हो गए हैं. टक्कर के बाद भागने लगा चालक, लोगों ने पकड़वाया प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा. इस दौरान एस्कॉर्ट वाहन कुछ दूर तक घिसटता चला गया. स्थानीय लोगों ने पीछा कर चालक को पकड़ लिया. सूचना मिलने के करीब 15 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर डंपर को कब्जे में ले लिया. पुलिस के मुताबिक, डंपर (MH-19 CX-8255) महाराष्ट्र के जलगांव का है और उसमें केले लदे थे. वाहन के मालिक का नाम कुंदन महाजन बताया जा रहा है. डंपर मध्य प्रदेश से कानपुर की ओर जा रहा था.

उत्तर प्रदेश से और खबरें