हमीरपुर में कर्ज और फसल खराब होने से परेशान किसान ने लगाया मौत को गले

✍️NNS Desk
हमीरपुर में कर्ज और फसल खराब होने से परेशान किसान ने लगाया मौत को गले

हमीरपुर में थाना क्षेत्र के बिहूंनी खुर्द गांव में घरेलू कलह और आर्थिक परेशानी से जूझ रहे किसान ने पत्नी से विवाद के बाद फंदा लगाकर जान दे दी. घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फील्ड यूनिट ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए.

परिजनों के मुताबिक बिहूंनी गांव निवासी मुन्नीलाल मिश्रा (60) ने करीब एक साल पहले लगभग 10 बीघा जमीन पर खेती के लिए लोन लेकर नया ट्रैक्टर खरीदा था. ट्रैक्टर की किस्त चुकाने को लेकर वह परेशान रहते थे. दूसरी ओर इस साल खरीफ की फसल अतिवृष्टि के कारण खराब हो गई, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और बिगड़ गई थी.

ट्रैक्टर की किस्त और फसल खराब होने से थे परेशान: मृतक के बेटे शिवा मिश्रा ने बताया कि ट्रैक्टर की किस्त चुकाने और खेती में नुकसान के कारण पिता काफी परेशान रहते थे. आर्थिक तंगी के चलते घर में आए दिन कलह की स्थिति बनी रहती थी. शनिवार रात भी किसी बात को लेकर मुन्नीलाल का पत्नी सुहागरानी से विवाद हो गया.

परिजनों के अनुसार विवाद के बाद मुन्नीलाल ने पत्नी को एक कमरे में बंद कर दिया. इसके बाद वह दूसरे कमरे में चले गए और साड़ी के सहारे फंदा लगा लिया. बेटे शिवा ने बताया कि माता-पिता के बीच झगड़ा होने के बाद वह सो गया था.

सुबह बेटे ने फंदे पर लटका देखा: रविवार सुबह शिवा की नजर पिता पर पड़ी तो वह फंदे पर लटके मिले. यह देखते ही उसकी चीख निकल गई। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. जानकारी मिलते ही उपनिरीक्षक राजीव कुमार साहू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली.

मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. उपनिरीक्षक राजीव कुमार साहू ने बताया कि परिजनों से तहरीर प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.

परिवार में दो बेटे और एक बेटी: मुन्नीलाल के परिवार में पत्नी सुहागरानी के अलावा दो अविवाहित बेटे और एक विवाहित बेटी हैं. बड़ा बेटा निष्कर्ष (26) शहर में मजदूरी करता है और शनिवार को ही घर से निकला था. पिता की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम पसर गया.

उत्तर प्रदेश से और खबरें