मेयर के सामने पार्षदों का गुस्सा फूटा, बोले-कोई काम नहीं हो रहा; सब ठप्प पड़ा

कानपुर नगर निगम मुख्यालय के समिति कक्ष में बुधवार को जोन-5 के विकास कार्यों और जनसमस्याओं की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई. बैठक में महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने जोन-5 के सभी पार्षदों की समस्याएं एक-एक कर सुनीं. इस दौरान पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए.
बैठक में पार्षद दल के नेता नवीन पंडित ने बताया कि डीप फ्रीजर खराब पड़े हैं, जिन्हें तत्काल ठीक कराया जाना चाहिए. उन्होंने गोविंदपुरी पुल पर शाम के समय रोजाना लगने वाली अवैध सब्जी मंडी को हटाने की मांग की. बैठक में उन्होंने शहर के बाजारों में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों का मुद्दा भी उठाया. इसके अलावा 10-10 हाथ वाली कूड़ा गाड़ियों की संख्या बढ़ाने और निराला नगर से निकलने वाले गंदे पानी के गोविंद नगर स्थित चावला मार्केट तक पहुंचने और वहां लगातार जलभराव की समस्या का मुद्दा भी उठाया.
उद्यान विभाग की भी शिकायत मिली: महापौर ने कहा कि उद्यान विभाग का काम संतोषजनक नहीं है और इस संबंध में नगर आयुक्त को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अगर सुधर गए तो ठीक, वरना इन्हें सुधारा जाएगा.

जोन-5 की बैठक में वार्ड की समस्याएं बताते हुए पार्षद.
पार्षदों ने अपने वार्डों की समस्याएं रखीं: वार्ड 72 की पार्षद वंदना शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट और उद्यान विभाग द्वारा आवंटित काम ना कराए जाने की शिकायत की. साथ ही अतिरिक्त सफाई कर्मचारी की मांग रखी. वार्ड- 55 की पार्षद अंजुली दीक्षित ने कहा कि उनके पत्रों को गंभीरता से नहीं लिया जाता है. इसलिए फाइलों का समय से निस्तारण कराया जाए. वार्ड-48 की पार्षद सरोज चढ्ढा ने कहा कि नालियों की सफाई नहीं होती है. इसके अलावा क्षेत्र में मंदिर और गुरुद्वारा के पास नालियां टूटी हुई हैं.
4 महीने पहले हुआ नाले का उद्घाटन, अब तक नहीं हुआ निर्माण: वार्ड-2 की पार्षद कल्पना ने कहा कि साल 2021 में बनाया गया नलकूप अभी तक चालू नहीं हो सका है. इसके अलावा महापौर द्वारा 4 महीने पहले किए गए नाले के उद्घाटन का अब तक निर्माण नहीं कराया गया है. इस पर अधिशाषी अभियंता ने बताया कि नाले की सफाई बारिश से पहले करा दी गई थी. अगस्त के पहले सप्ताह से काम शुरू करा दिया जाएगा। पार्षद सुधीर यादव ने कहा कि जितने प्रस्ताव पहले दिए गए थे, उनमें से कितने पर कार्रवाई की गई है. इस बारे में भी बैठक के दौरान बताया जाए. कई विकास कार्यों की फाइलें रूकी हुई हैं। पार्षद अनिल कुमार ने पीले पुल पर बनाई गई बरातशाला में कब्जे होने का मुद्दा उठाया.
स्ट्रीट लाइट और उद्यान विभाग की उठाई समस्याएं: पार्षदों की शिकायतें सुनने के बाद महापौर प्रमिला पांडेय ने अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि बैठक में सबसे अधिक शिकायतें स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर सामने आई हैं. इसके अलावा उद्यान विभाग के कार्यों को लेकर भी कई पार्षदों ने नराजगी जताई है. महापौर ने कहा कि उद्यान विभाग का काम संतोषजनक नहीं है और इस संबंध में नगर आयुक्त को स्पष्ट निर्देश दिए कि अगर सुधर गए तो ठीक है. वरना इन्हें सुधारा जाएगा.

नगर निगम में जोन-5 की बैठक में मौजूद संबंधित विभाग के अधिकारी.
साफ-सफाई और अतिक्रमण का मुद्दा भी उठाया: वहीं अन्य पार्षदों ने भी अपने वार्डों में साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था, जगह-जगह फैले अतिक्रमण और समय पर नालों की सफाई न होने की शिकायतें दर्ज कराईं. पार्षदों का कहना था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिस वजह से लोग लगातार परेशान हैं.
लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी- महापौर महापौर ने दो टूक शब्दों में कहा कि जनता के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि पार्षदों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को सुविधाएं मिल सकें.
नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने भी बैठक में मौजूद सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्षदों द्वारा बताई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निस्तारण किया जाए. उन्होंने कहा कि विकास कार्यों और जनसुविधाओं में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

स्कूटी स्टार्ट नहीं हो रही थी तो सड़क किनारे खड़ी करके लगा दी आग, लखनऊ की अजब-गजब घटना
29 जुलाई 2026
संत रविदास नगर कहलाएगा यूपी का भदोही जिला… वाराणसी से सीएम योगी का बड़ा ऐलान
29 जुलाई 2026
नर्वल में कार ने बाइक को मारी टक्कर: चाचा की मौत, भतीजा घायल; डेढ़ घंटे बाद आयी एंबुलेंस
29 जुलाई 2026