ब्रेकर पर उछली बाइक, फिर डिवाइडर से टकरायी; कानपुर में युवक की दर्दनाक मौत

✍️NNS Desk
ब्रेकर पर उछली बाइक, फिर डिवाइडर से टकरायी; कानपुर में युवक की दर्दनाक मौत

कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक सड़क हादसे में 25 साल के युवक की मौत हो गई. संजीव नगर स्थित लव पार्क के पास बाइक अचानक ब्रेकर पर उछल गई. संतुलन बिगड़ने के बाद बाइक करीब 10 मीटर तक सड़क पर घिसटती हुई डिवाइडर से जा टकराई. हादसे में बाइक सवार अमन यादव के सिर में गंभीर चोट आई. राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस उसे कांशीराम अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया.

अमन रावतपुर के गीतानगर का रहने वाला था और अपने बड़े भाई के कपड़े लेने हाथीपुर जा रहा था. उसके बड़े भाई रामनिवास हाथीपुर में किराए के कमरे में रहते हैं और ट्रेन गार्ड की नौकरी करते हैं. 3 सितंबर को उनका रीजेंसी अस्पताल में स्टोन का ऑपरेशन हुआ था. ऑपरेशन के बाद वह अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर लौट आए थे. मंगलवार को अमन उनके कपड़े लेकर जाने के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में हादसा हो गया.

लव पार्क के पास ब्रेकर पर उछली बाइक: मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे अमन तिरंगा चौराहा स्थित 60 फीट रोड से हाथीपुर की ओर जा रहा था. वह जैसे ही संजीव नगर स्थित लव पार्क के पास पहुंचा, बाइक ब्रेकर पर अचानक उछल गई. अमन बाइक को संभाल पाता, इससे पहले ही उसका संतुलन बिगड़ गया.

इसके बाद बाइक करीब 10 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई और डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि अमन के सिर में गंभीर चोट आई और वह सड़क पर गिर पड़ा.

राहगीरों की भीड़ जुटी, अस्पताल में मौत: हादसा देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए. राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल अमन को कांशीराम अस्पताल लेकर गई.अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी. डॉक्टरों ने अमन को मृत घोषित कर दिया.

भाई के कपड़े लेने निकला था अमन: अमन के मौसा इंद्रजीत यादव ने बताया कि अमन अपने बड़े भाई रामनिवास के कपड़े लेने हाथीपुर जा रहा था. रामनिवास वहां किराए के कमरे में रहते हैं और ट्रेन गार्ड हैं. कुछ दिन पहले ही उनका रीजेंसी अस्पताल में स्टोन का ऑपरेशन हुआ था. ऑपरेशन के बाद वह घर लौट आए थे.

परिवार को उम्मीद थी कि अमन भाई के कपड़े लेकर वापस लौट आएगा, लेकिन हादसे की खबर मिलते ही घर में मातम छा गया.

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव: पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है.

चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है. तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

उत्तर प्रदेश से और खबरें