हमीरपुर के मौदहा में मॉर्निंग वॉक पर निकला युवक आया ट्रेन की चपेट में, हाथ की कलाई कटी

हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे में रेलवे अंडरपास में भरे पानी और कीचड़ से बचने के लिए रेलवे पटरी पार करना एक युवक को भारी पड़ गया. बुधवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकला युवक ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर घायल हो गया. हादसे में उसका बायां हाथ कलाई से कट गया. स्टेशन मास्टर की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
कुम्हारौड़ा मोहल्ला निवासी बाबूलाल प्रजापति (23) पुत्र स्व. रामजीवन बुधवार सुबह रोज की तरह अरतरा रोड की ओर टहलने निकला था.. रेलवे अंडरपास में पानी और कीचड़ भरा होने के कारण वह कीचड़ से बचने के लिए रेलवे लाइन पार करने लगा. इसी दौरान वह मालगाड़ी ट्रेन की चपेट में आ गया और पटरी किनारे लहूलुहान होकर गिर पड़ा. ट्रेन चालक ने घटना की सूचना स्टेशन मास्टर को दी.
स्टेशन मास्टर की सूचना पर एंबुलेंस कर्मी आकाश यादव और देवांश यादव मौके पर पहुंचे. घायल बाबूलाल का बायां हाथ कलाई से कट गया था. उसे तत्काल कस्बे के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया. सूचना पर अस्पताल पहुंचे बाबूलाल के बड़े भाई निर्भय सिंह ने बताया कि उनका छोटा भाई रोज सुबह अरतरा रोड की ओर टहलने जाता था। बुधवार को यह हादसा कैसे हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

औरैया में बाल-बाल बचे 50 स्कूली बच्चे, ब्रेक फेल होने से पलटी बस; छह छात्र घायल
16 सितंबर 2026
महाराजपुर हाईवे पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को रौंदा, 10 मीटर दूर तक घिसटने के बाद मौत
16 सितंबर 2026
बिजनौर में केमिकल लगा नोट दिया, दुकानदार हुआ बेहोश; मुंह में 6 लाख की ज्वेलरी रखकर चंपत
15 सितंबर 2026