J&K के कुलगाम में नाम पूछकर आतंकियों ने 2 ईंट भट्टा मजदूरों को मार डाला

✍️NNS Desk
J&K के कुलगाम में नाम पूछकर आतंकियों ने 2 ईंट भट्टा मजदूरों को मार डाला

दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में शुक्रवार रात पहलगाम जैसा हमला हुआ। आतंकवादियों ने ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे 2 हिंदू मजदूरों को नाम पूछकर गोली मार दी. दोनों मृतक छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे. सूत्रों के अनुसार आतंकियों ने पहले इन मजदूरों से नाम पूछे फिर गोली मारी.

हमले में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, दूसरे ने शनिवार सुबह श्रीनंगर के शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (SKIMS) में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. मारे गए युवकों की पहचान 24 साल के दीपक रात्रे और 28 साल के भूपेंद्र के रूप में हुई है. अधिकारियों के अनुसार, हमला कुलगाम से करीब 20 किलोमीटर दूर केलाम में हुआ.

स्थानीय लोगों के मुताबिक, उन्होंने 10-12 राउंड फायर की आवाज सुनी. घटना के समय वहां कई प्रवासी मजदूर थे, लेकिन सिर्फ यही दोनों हिंदू थे. इस हमले के बाद घटनास्थल के चारों तरफ करीब दो किलोमीटर का इलाका सील कर दिया गया है. आतंकियों की तलाश की जा रही है.

सूत्रों ने मीडिया को बताया कि एक बाइक पर 2 आतंकी आए थे. इनके लश्कर की विंग TRF के होने का अनुमान है. दरअसल, TRF नॉन लोकल को निशाना बनाता रहा है.

एक आतंकी के पाकिस्तानी होने की आशंका: सूत्रों ने बताया कि जांच एजेंसियों को हमले में एक स्थानीय और एक पाकिस्तानी आतंकी के शामिल होने का शक है. शुरुआती जांच का फोकस मोहम्मद लतीफ पर है. वह पिछले साल लश्कर-ए-तैयबा/द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) में शामिल हुआ था. जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि मृतकों के परिवार को पहले से दिए जा रहे ₹6 लाख के मुआवजा के अलावा मुख्यमंत्री राहत कोष से भी ₹10 लाख की राशि दी जाएगी.

प्रवासी मजदूर को जब अस्पताल इलाज करवाने के लिए ले जाया गया था.

CCTV फुटेज की पड़ताल जारी: बीते दो-तीन साल में कश्मीर के ईंट-भट्ठों पर ऐसे ही आतंकी हमले हुए थे, जिसके बाद पुलिस ने यहां CCTV कैमरे लगाने का निर्देश दिया था. इस ईंट भट्ठे पर भी CCTV कैमरे लगे थे, जिसके फुटेज की पड़ताल की जा रही है. इस पूरे इलाके में 20 से ज्यादा ईंट भट्ठे हैं.   

राष्ट्रीय से और खबरें