कानपुर लैंबॉर्गिनी हादसा: आरोपी शिवम मिश्रा गिरफ्तार, 5 टीमों की दबिश के बाद एक्शन

✍️By: Nation Now Samachar Desk
कानपुर लैंबॉर्गिनी हादसा: आरोपी शिवम मिश्रा गिरफ्तार, 5 टीमों की दबिश के बाद एक्शन

कानपुर। शहर के चर्चित लैंबॉर्गिनी हादसे में बड़ा अपडेट सामने आया है। हाई-प्रोफाइल केस में आरोपी शिवम मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। अब आरोपी को कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

क्या था पूरा मामला?

रविवार को कानपुर के पॉश ग्वालटोली क्षेत्र की वीआईपी रोड पर करीब 12 करोड़ रुपये की लैंबॉर्गिनी सुपरकार अचानक बेकाबू हो गई। तेज रफ्तार कार ने पहले एक ई-रिक्शा, फिर एक बाइक सवार और एक राहगीर को टक्कर मार दी। इसके बाद कार सड़क किनारे लगे खंभे से जा टकराई। हादसे में कई लोग घायल हुए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

— NATION NOW समाचार (@nnstvlive) February 12, 2026

कारोबारी घराने से जुड़ा नाम

यह मामला इसलिए भी सुर्खियों में रहा क्योंकि दुर्घटना में शामिल लग्जरी कार शहर के बड़े कारोबारी घराने बंशीधर टोबैको ग्रुप से जुड़ी बताई गई। कार में बिजनेस टायकून केके मिश्रा का बेटा और ग्रुप से संबद्ध कंपनी का डायरेक्टर शिवम मिश्रा सवार था।

पुलिस का दावा है कि हादसे के वक्त कार खुद शिवम मिश्रा चला रहा था। हालांकि बचाव पक्ष की ओर से यह दावा किया गया था कि कार ड्राइवर मोहन लाल चला रहा था।

वायरल वीडियो से बढ़ा विवाद

हादसे के बाद सामने आए कई वीडियो ने मामले को और गंभीर बना दिया। एक वीडियो में कुछ बाउंसर कार के आसपास नजर आए, जिनमें से एक कथित तौर पर नंबर प्लेट हटाने या नोचने की कोशिश करता दिख रहा है। वीडियो में बाउंसरों के हाथ में वॉकी-टॉकी भी दिखाई दे रहे हैं और वे लोगों को दूर हटने के लिए कहते सुने जा रहे हैं।

इन वीडियोज़ के सामने आने के बाद पहचान छिपाने की कोशिश जैसे आरोप भी उठे, जिस पर पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया है। आगे की जांच जारी है।

Headlines से और खबरें