Kanpur College Bawal: लेट आने पर छात्रों की पिटाई, खून निकलते ही हंगामा

कानपुर। शहर से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां कॉलेज देर से पहुंचने पर छात्रों की बेरहमी से पिटाई किए जाने का आरोप लगा है। मामला मंधना स्थित जीटी रोड पर बने महाराणा प्रताप इंजीनियरिंग कॉलेज का है।बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह घने कोहरे के कारण कुछ छात्र तय समय से करीब 10 मिनट देरी से कॉलेज पहुंचे थे। छात्रों का कहना है कि उन्होंने देरी का कारण समझाने की कोशिश की, लेकिन शिक्षकों ने उनकी बात नहीं सुनी और डंडों व बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी।

छात्र-छात्राएं घायल, कॉलेज अस्पताल में भर्ती
पिटाई में कई छात्र और छात्राएं घायल हो गईं। छात्रा मुस्कान का हाथ फट गया, जबकि अन्य छात्रों को भी गंभीर चोटें आईं। घायलों को कॉलेज के ही अस्पताल में भर्ती कराया गया है।छात्रों का आरोप है कि शिक्षकों ने बिना किसी चेतावनी के हमला किया, जिससे कैंपस में तनाव फैल गया।
खून बहते देख भड़के छात्र, गेट बंद कर हंगामा
जब छात्रों ने अपने साथियों को खून से लथपथ देखा तो वे भड़क गए। गुस्साए छात्रों ने कॉलेज का मुख्य गेट बंद कर दिया और जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।स्थिति बिगड़ती देख मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स पहुंच गई। डीसीपी, एडीसीपी और एसीपी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं।
300 रुपये का अवैध लेट चार्ज वसूलने का आरोप
छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कॉलेज में लेट आने पर 300 रुपये का अवैध लेट चार्ज वसूला जाता है और विरोध करने पर मारपीट की जाती है।छात्रों का दावा है कि यह नियम पूरी तरह गैरकानूनी है और लंबे समय से छात्रों का शोषण किया जा रहा है।
कॉलेज प्रबंधन की कार्रवाई: दो प्रोफेसर सस्पेंड
हंगामे के बीच कॉलेज प्रबंधन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो असिस्टेंट प्रोफेसरों को सस्पेंड कर दिया है और जांच कमेटी गठित की गई है।वहीं चार अन्य शिक्षकों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस बोली: स्थिति नियंत्रण में, जांच जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं, लेकिन छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।