India-US Trade Deal पर राहुल गांधी का हमला, बोले- PM मोदी दबाव में हैं

भारत और अमेरिका के बीच हुए India-US Trade Deal को लेकर देश की राजनीति गरमा गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि पीएम मोदी “दबाव में” आ चुके हैं और इसी कारण उन्होंने अमेरिका के साथ यह व्यापार समझौता किया है।

मंगलवार (2 फरवरी 2026) को संसद परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस समझौते के जरिए देश को बेच दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार की छवि को बचाने के लिए यह डील जल्दबाजी में साइन की गई।राहुल गांधी ने कहा, “जो ट्रेड डील चार महीने से रुकी हुई थी, उसमें कुछ बदला नहीं और कल शाम उस पर हस्ताक्षर कर दिए गए। प्रधानमंत्री कंप्रोमाइज्ड हो चुके हैं।”

उन्होंने आगे दावा किया कि इस समझौते का सबसे बड़ा नुकसान भारत के किसानों को होगा। राहुल गांधी के अनुसार, इस डील में किसानों की मेहनत और खून-पसीने का सौदा कर दिया गया है।वहीं कांग्रेस ने अमेरिका की कृषि मंत्री ब्रुक रोलिंस के बयान का हवाला देते हुए सरकार पर सवाल उठाए। मंत्री रोलिंस ने कहा कि अब अमेरिकी किसानों के उत्पाद भारत के बाजार में बिकेंगे, जिससे अमेरिका के ग्रामीण इलाकों को फायदा होगा।
कांग्रेस ने इसे भारत के किसानों के लिए चिंताजनक बताते हुए कहा कि अब भारतीय किसानों को अपने ही देश में अमेरिकी उत्पादों से प्रतिस्पर्धा करनी होगी। पार्टी ने प्रधानमंत्री मोदी से जवाब मांगा है कि उन्होंने किसानों के हितों को नजरअंदाज कर यह डील क्यों की।