अयोध्या दीपोत्सव 2025: अयोध्या दीपोत्सव 2025 इस बार नई ऐतिहासिक ऊंचाइयों पर पहुंचने जा रहा है। प्रभु श्रीराम की नगरी लाखों दीपों से जगमगाएगी और इस वर्ष सरयू तट पर मां सरयू की भव्य आरती भी आयोजित की जाएगी।रामकथा पार्क को इस वर्ष राज दरबार थीम में सजाया गया है। 90 फीट चौड़े मंच पर आज शाम भव्य राम दरबार सजाया जाएगा, जिसमें साधु-संतों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मंच पर उपस्थित रहेंगे।

इस भव्य आयोजन का सबसे विशेष आकर्षण है जब पुष्पक विमान से श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण अयोध्या पहुंचे। सीएम योगी ने उनका स्वागत किया और रथ में बिठाकर खुद उसे मंच तक खींचा। इस दौरान रामकथा पार्क में उत्साह और श्रद्धा का अद्भुत माहौल देखने को मिला।

दीपोत्सव में कुल 26,11,101 दीये जलाए जाएंगे, जो अयोध्या में नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे। सज-धजकर तैयार रामकथा पार्क में भक्त और पर्यटक इस भव्य दीपोत्सव का आनंद उठाएंगे।
अयोध्या दीपोत्सव न केवल भक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम है, बल्कि यह देशभर के लोगों को धार्मिक और सामाजिक एकता का संदेश भी देता है। सीएम योगी ने कहा कि इस दीपोत्सव से अयोध्या की सांस्कृतिक पहचान और भव्यता और अधिक प्रदर्शित होगी।
यह आयोजन पूरे अवध धाम में भक्ति और उत्साह के रंग बिखेर रहा है। इस दीपोत्सव के माध्यम से अयोध्या न केवल रोशनी और दिव्यता का प्रतीक बनेगी, बल्कि देश और दुनिया के लोगों के लिए श्रद्धा और प्रेरणा का केंद्र भी बनेगी।
अयोध्या दीपोत्सव 2025 की तैयारी पूरी हो चुकी है और यह आयोजन निश्चित रूप से इतिहास रचने वाला साबित होगा।