इस बार सावन में दो-दो ग्रहण: 12 अगस्त को सूर्य व 28 अगस्त को रक्षाबंधन पर चंद्र ग्रहण

साल 2026 के 2 ग्रहण लगना बाकी हैं. ये दोनों ग्रहण अगस्त महीने में लगने जा रहे हैं. खास बात यह भी ये सूर्य ग्रहण और चंद्र ग्रहण सावन महीने की 2 अहम तारीखों में लगेंगे.
ग्रहण की घटना भारत में खगोल विज्ञान के साथ-साथ धर्म और ज्योतिष की नजर से भी विशेष रहती है. साल 2026 के 4 ग्रहण में से 2 ग्रहण लग चुके हैं. बाकी बचे 2 ग्रहण अगस्त महीने में लगेंगे. ये दोनों ग्रहण 15 दिन के अंतर से 2 बेहद खास तिथियों पर लग रहे हैं, जिनका हिंदू धर्म में बहुत महत्व है.
अगस्त में लग रहा सूर्य ग्रहण वलयाकार सूर्य ग्रहण होगा, जो कि करीब 6 घंटे तक चलेगा. वहीं 15 दिन बाद चंद्र ग्रहण लगेगा, जो कि आंशिक चंद्र ग्रहण होगा और इस दौरान चंद्रमा का 96 फीसदी हिस्सा पृथ्वी की छाया से ढंक जाएगा केवल कुछ हिस्से में ही रोशनी नजर आएगी.
12 अगस्त को साल का दूसरा सूर्य ग्रहण: 12 अगस्त 2026 को साल का दूसरा सूर्य ग्रहण लगेगा. इससे पहले फरवरी में साल 2026 का पहला सूर्य ग्रहण लगा था. हिंदू पंचांग के अनुसार 12 अगस्त को श्रावण महीने की अमावस्या होगी. श्रावण या सावन मास का हर दिन खास होता है. वहीं सावन महीने की अमावस्या को हरियाली अमावस्या कहते हैं. इस दिन भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है. पितरों के लिए तर्पण किया जाता है. ऐसे में लोग चिंता में हैं कि ग्रहण के चलते हरियाली अमावस्या का पूजा-पाठ कैसे हो पाएगा.
भारतीय समय के अनुसार 12 अगस्त 2026 का सूर्य ग्रहण रात करीब 09 बजकर 4 मिनट से शुरू होगा, जिसका समापन 13 अगस्त को सुबह 04 बजकर 25 मिनट पर होगा. चूंकि यह सूर्य ग्रहण रात में लग रहा है, इसलिए यह भारत में नजर नहीं आएगा. लिहाजा इसका सूतक काल नहीं माना जाएगा और पूजा-पाठ में कोई व्यवधान नहीं होगा.
28 अगस्त को चंद्र ग्रहण: अब बात करते हैं साल के दूसरे और आखिरी चंद्र ग्रहण की. यह चंद्र ग्रहण 28 अगस्त की सुबह 06:53 बजे शुरू होगा और दोपहर 12:31 बजे खत्म होगा. चूंकि यह चंद्र ग्रहण दिन में लगेगा, लिहाजा सूर्य की रोशनी होने से यह भारत में नजर नहीं आएगा. इस कारण इसका सूतक काल भी मान्य नहीं होगा. हिंदू पंचांग के अनुसार इस दिन श्रावण पूर्णिमा है. सावन महीने की पूर्णिमा या आखिरी दिन रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जाता है. लेकिन ग्रहण नजर न आने से रक्षाबंधन पर्व मनाने में कोई बाधा नहीं आएगी.
अध्यात्म से और खबरें

शनि प्रदोष व्रत पर ऐसे करें महादेव की उपासना, जानें शुभ मुहूर्त योग मंत्र और पारण का समय
27 जून 2026
29 जून को ज्येष्ठ पूर्णिमा पर 13 घंटे भद्रा का साया, जानें स्नान-दान का शुभ मुहूर्त
26 जून 2026
निर्जला एकादशी आज: इन 5 राशि वालों के लिए बेहद शुभ, जानें शुभ मुहूर्त व पूजा विधि
25 जून 2026