हमीरपुर में लकड़ी लदी ट्रैक्टर ट्रॉली ने कार को मारी टक्कर, ड्राइवर गंभीर; ट्रैक्टर चालक फरार

हमीरपुर के मुस्करा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात लकड़ी लदे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कार को टक्कर मार दी. हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली खाई में पलट गई. घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार लकड़ी लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली और कार की आमने-सामने की भिड़ंत में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खाई में पलट गई, जबकि उसका चालक मौके से फरार हो गया.

जानकारी के अनुसार, इमिलिया गांव निवासी गोविंद दत्त द्विवेदी अपने चालक हेमंत और एक अन्य व्यक्ति के साथ मथुरा से कार द्वारा घर लौट रहे थे. घर से करीब सात किलोमीटर पहले बसवारी गांव के पास सामने से आ रही लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सड़क से नीचे उतर गई और उसके दोनों एयरबैग खुल गए. वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क के दूसरी ओर खाई में पलट गई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद कार चालक हेमंत की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में रात के समय लकड़ी लदे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का संचालन लगातार बढ़ रहा है. आरोप है कि कई वाहन यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए तेज रफ्तार में चलते हैं, जिससे सड़क हादसों का खतरा बना रहता है. ग्रामीणों ने ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

कासगंज में मथुरा-बरेली हाईवे पर रोडवेज बसों में भयावह भिड़ंत: दो यात्रियों की दर्दनाक मौत; 36 घायल
13 जून 2026
हमीरपुर के कुरारा में अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त अपाचे बाइक, दो युवक घायल
13 जून 2026
हमीरपुर में जमीनी विवाद में चचेरे भाई ने मारी गोली, जांघ में लगी गोली
12 जून 2026