यूपी-STF ने सहारनपुर में बिहार के बदमाश लल्लन सिंह को मार गिराया, वांटेड था 2 दरोगा समेत 7 की हत्या में

✍️NNS Desk
यूपी-STF ने सहारनपुर में बिहार के बदमाश लल्लन सिंह को मार गिराया, वांटेड था 2 दरोगा समेत 7 की हत्या में

सहारनपुर में बिहार के कुख्यात बदमाश लल्लन सिंह उर्फ ललन को यूपी STF ने एनकाउंटर में मार गिराया. उस पर बिहार और यूपी में दो दरोगा, एक बैंक कैशियर और एक सुरक्षा गार्ड समेत 7 हत्याएं, डकैती और ATM कैश वैन लूटने जैसे कई संगीन मामले दर्ज थे। उस पर 1.25 लाख का इनाम भी था.

एडीजी अमिताभ यश ने बताया- रविवार देर रात ASP लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में यूपी STF की टीम सरसावा-नकुड़ रोड पर चेकिंग अभियान चला रही थी. इस दौरान बाइक से संदिग्ध बदमाश आते दिखे. रोकने को कहा तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में लल्लन को गोली लगी। वह गिर गया.

उन्होंने बताया- अंधेरे का फायदा उठाकर ललन का साथी मौके से फरार हो गया. घायल ललन को पहले CHC ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस के मुताबिक, ललन अपने भाइयों और गैंग के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर कई बड़ी आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुका था. 4 साल पहले उसके 2 भाई भी पुलिस एनकाउंटर में मारे गए गए थे. तब ललन जान बचाकर भाग निकला था.

बदमाश ललन सिंह इसी बाइक से भागने की फिराक में था.

यूपी और बिहार पुलिस कर रही थी तलाश: पुलिस के मुताबिक, ललन बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के आनंदगोलवा गांव का रहने वाला था. यूपी और बिहार की पुलिस काफी समय से उसकी तलाश कर रही थी. उस पर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने एक लाख और चंदौली पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था.

पुलिस के मुताबिक, बदमाश ललन ने 8 नवंबर 2022 को वाराणसी में एक सब-इंस्पेक्टर की गोली मारकर उनकी सरकारी पिस्टल लूट ली थी. इसके अलावा, 1 नवंबर 2022 को चंदौली में एक युवक की हत्या कर बाइक लूटने की घटना को अंजाम दिया था.

दो भाई एनकाउंटर में ढेर, ललन भाग निकला था: 21 नंवबर 2022 को वाराणसी पुलिस की रिंग रोड पर बड़ागांव थाना क्षेत्र में बदमाश रजनीश कुमार, ललन कुमार और मनीष कुमार से मुठभेड़ हुई थी. मुठभेड़ में रजनीश और मनीष मारे गए थे. तीसरा भाई ललन मौके से भाग गया था.

STF को मौके से बाइक के अलावा पिस्टल, कारतूस और खोखे बरामद हुए हैं.

तीनों भाइयों पर 6 मार्च, 2017 को बिहार के बेलछी थाना क्षेत्र के बाघाटिलहा गांव के समीप पीएनबी बैंक की शाखा से दिनदहाड़े 60 लाख रुपये लूटने का आरोप था. लूटकांड में बैंक के गार्ड योगेश्वर पासवान, सुरेश सिंह और चालक अजित यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

तीनों भाई 9 सितंबर 2022 को पटना की बाढ़ जिला अदालत के टॉयलेट की दीवार तोड़कर फरार हो गए थे. पटना से भाग कर तीनों भाई वाराणसी में मंडुवाडीह क्षेत्र में छिप गए थे.

उत्तर प्रदेश से और खबरें