शिवपाल बोले-‘आजम खान को यूपी का गृह मंत्री बनाएंगे’, जेल में मुलाकात के बाद किया ऐलान

समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय महासचिव शिव पाल सिंह यादव ने बुधवार को रामपुर जिला जेल में बंद पूर्व मंत्री मोहम्मद आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम से करीब एक घंटे मुलाकात की. इसके बाद वह आजम खान के घर पहुंचकर पत्नी पूर्व सांसद तंजीन फात्मा और बड़े बेटे अदीब आजम से मिले. बाद में जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचकर विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की. जेल में आजम खान से मुलाकात के बाद शिवपाल यादव ने कहा कि आजम खान के साथ बहुत जुल्म और शोषण हुआ है. वह बहुत तकलीफ में हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि इतने बड़े नेता को जमीन पर लिटाया जा रहा है. उन्हें न दवाई दी जा रही है और न कपड़े दिए जा रहे हैं. शिवपाल यहीं नहीं रुके. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही आजम खान पर हुए एक-एक जुल्म और अत्याचार का बदला लिया जाएगा. आजम खान को प्रदेश का गृह मंत्री बनाया जाएगा और उन पर अत्याचार करने वाले अधिकारियों और षड्यंत्रकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी.
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि आजम खान ने जेल से संदेश दिया है कि अखिलेश यादव पूरे उत्तर प्रदेश का दौरा करें और जनता के बीच जाकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए माहौल तैयार करें. उन्होंने कहा कि 2027 में सपा की सरकार बनाना ही पार्टी का मुख्य लक्ष्य है. इसके लिए संगठन को मजबूत करने के साथ ही जनता के बीच लगातार संपर्क बढ़ाने की जरूरत है.
पूरी सपा आजम खान के साथ: शिवपाल यादव ने कहा कि आजम खान के साथ इतना जुल्म और शोषण होने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी है. वह मजबूती से खड़े हैं. पूरी समाजवादी पार्टी उनके साथ है और वह खुद भी उनके साथ हैं. उन्होंने कहा कि आजम खान समाजवादी पार्टी के थे और रहेंगे. कितना भी जुल्म और अत्याचार हो, वह सपा और अखिलेश यादव के साथ रहेंगे.
भाजपा-आरएसएस पर भी साधा निशाना: शिवपाल ने भाजपा और आरएसएस पर भी निशाना साधा. उन्होंने मंदिर के चढ़ावे को लेकर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा और आरएसएस ने मिलकर मंदिर को लूटा है. उन्होंने सवाल उठाया कि भगवान राम के मंदिर में चढ़ावा लूटने से बड़ा अधर्मी कौन हो सकता है. पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि जौहर यूनिवर्सिटी को भी बर्बाद करने की कोशिश की जा रही है.
संभल दंगे के मुकदमे होंगे वापस: इसके पहले शिवपाल सिंह यादव ने मंगलवार को रामपुर में कहा था कि यदि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनी तो फिर संभल दंगे के मुकदमों की समीक्षा कर उन्हें वापस लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से परेशान हो चुकी है. महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर लोगों में नाराजगी है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी नाकामियों से ध्यान हटाने के लिए हिंदू-मुस्लिम के मुद्दे को हवा दे रही है. दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर सपा को सरकार बनाने का मौका देगी.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

कानपुर में शराब कारोबारी के ठिकानों पर इनकम टैक्स का सर्वे, दर्जनभर गाड़ी से पहुंचे अफसर जांच में जुटे
12 अगस्त 2026
मथुरा में हाईवे पर पलटा खजूर से लदा ट्रक, सड़क पर बिखरे खजूर पर टूट पड़े लोग; थैलों में ले जाते दिखे
12 अगस्त 2026
जालौन में सलहज की संदूक में मिला प्रेमी जीजा, आधी रात ससुराल पहुंचा; पत्नी पीटते हुए घर ले गयी
12 अगस्त 2026