कानपुर के चकेरी में अगरबत्ती फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों का सामान जला; एक घंटे में पाया काबू

कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र स्थित इंडस्ट्रीज एरिया द्वितीय में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शुभ संकल्प इंटरप्राइजेज नामक अगरबत्ती फैक्ट्री में अचानक आग लग गई. फैक्ट्री में मौजूद ज्वलनशील बुरादे के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन फैक्ट्री में रखा सामान जलकर राख हो गया.
फायर विभाग के मुताबिक समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आसपास की अन्य औद्योगिक इकाइयों तक आग फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है.
बुरादे ने बढ़ाई आग की तीव्रता:फायर अधिकारी राहुल नंदन ने बताया कि सुबह मिनी कंट्रोल रूम को चकेरी स्थित इंडस्ट्रीज एरिया द्वितीय में आग लगने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही जाजमऊ फायर स्टेशन से दो दमकल वाहन मौके पर भेजे गए। जब टीम पहुंची तो आग तेजी से फैल चुकी थी। फैक्ट्री में अगरबत्ती निर्माण में इस्तेमाल होने वाले ज्वलनशील बुरादे के कारण लपटें लगातार बढ़ रही थीं.
स्थिति गंभीर होने पर नरवल से भी बुलाई गई दमकल: आग की गंभीरता को देखते हुए नरवल फायर स्टेशन से एक अतिरिक्त फायर टेंडर बुलाया गया. तीनों दमकल यूनिटों ने संयुक्त रूप से करीब एक घंटे तक लगातार पानी की बौछार कर आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया. अधिकारियों के अनुसार समय रहते कार्रवाई होने से आग आसपास की फैक्ट्रियों तक नहीं पहुंची.
आग के कारणों की जांच शुरू: फैक्ट्री के मालिक दिनेश गुप्ता ने बताया कि आग से हुए नुकसान का अभी आकलन नहीं किया जा सका है. वहीं फायर अधिकारी राहुल नंदन ने कहा कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है. जांच में यदि फैक्ट्री अग्नि सुरक्षा मानकों के विपरीत संचालित पाई गई तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

गुजैनी एलीवेटेड हाईवे पर ट्रक ने मारी बाइक सवार प्रेसकर्मी को टक्कर, मौत; चालक फरार
28 जून 2026
यूपी होमगार्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी, uppbpb.gov.in पर चेक करें अपना स्कोरकार्ड
28 जून 2026
कांग्रेस के नये UP प्रभारी मांग बैठे अखिलेश यादव से आधी विधानसभा सीटें
28 जून 2026