कौशांबी में पटाखा गोदाम में भीषण विस्फोट: पूरी बिल्डिंग जमींदोज, 4 के हताहत होने की आशंका

✍️NNS Desk
कौशांबी में पटाखा गोदाम में भीषण विस्फोट: पूरी बिल्डिंग जमींदोज, 4 के हताहत होने की आशंका

UP के कौशांबी जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है. पिपरी और पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र की सीमा पर एक पटाखा गोदाम में भीषण विस्फोट हुआ है. धमाका इतना जोरदार बताया जा रहा है कि आसपास के कई मकान क्षतिग्रस्त और ध्वस्त होने की सूचना है. हादसे में चार से ज्यादा लोगों के मौत की सूचना सामने आ रही है, हालांकि मृतकों की संख्या की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं. विस्फोट के चलते कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए. धमाका किस वजह से हुआ और गोदाम में कितनी मात्रा में पटाखे रखे गए थे, इसकी भी जांच की जा रही है. आसपास के इलाके को भी खाली कराया जा रहा है, ताकि किसी दूसरे हादसे की आशंका न रहे.

विस्फोट की चपेट में कई मकान क्षतिग्रस्त : बताया जा रहा है कि पिपरी और पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र की सीमा पर आदित्य नाम से संचालित बताए जा रहे पटाखा गोदाम में अचानक तेज विस्फोट हुआ. धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. विस्फोट की चपेट में आने से कई मकानों के क्षतिग्रस्त और कुछ मकानों के ध्वस्त होने की सूचना है.

चीख-पुकार और अफरा-तफरी:  हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. राहत और बचाव दल भी मौके पर पहुंचकर मलबे में किसी के दबे होने की आशंका को देखते हुए बचाव अभियान में जुटे हैं. फिलहाल पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकता राहत एवं बचाव कार्य है। घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है.

जांच में जुटा प्रशासन: धमाका किस कारण से हुआ और गोदाम में वैध-अवैध कितनी मात्रा में पटाखे रखे गए थे, पुलिस और प्रशासन इसकी गहनता से जांच कर रहा है.  फिलहाल प्राथमिकता मलबे से लोगों को सकुशल बाहर निकालने और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की है.

उत्तर प्रदेश से और खबरें