महोबा में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव का काफिला रोका, BJP विधायक ने किया विरोध

✍️By: Nation Now Samachar Desk
mahoba-swatantra-dev-singh-convoy-stopped-bjp-mla-protest

संवाददाता चन्द्रशेखर नामदेव महोबा महोबा। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला महोबा में उस वक्त रुक गया, जब बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत ने अपने समर्थकों के साथ उनका रास्ता रोककर विरोध प्रदर्शन किया। विधायक ने जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों की बदहाली को लेकर नाराजगी जताई।यह घटना महोबा के रामश्री कॉलेज के पास उस समय हुई, जब मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ‘युवा उद्घोष कार्यक्रम’ से लौट रहे थे। विरोध के दौरान मंत्री और विधायक के बीच कहासुनी भी हुई। मौके पर मौजूद समर्थकों ने विधायक के समर्थन में नारे लगाए, जबकि वीडियो में पीछे से “नेतागिरी नहीं” जैसी आवाजें भी सुनाई दे रही हैं।

दरअसल, जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए कई सड़कों को खोदा गया है, लेकिन लंबे समय से उनकी मरम्मत नहीं होने के कारण आम लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर विधायक बृजभूषण राजपूत ने मंत्री के सामने विरोध दर्ज कराया।

— NATION NOW समाचार (@nnstvlive) January 30, 2026

पुलिस और समर्थकों में झड़प

प्रदर्शन के दौरान सीओ सदर और कोतवाल के साथ भी विधायक समर्थकों की झड़प हो गई। पुलिस ने जब समर्थकों को हटाने की कोशिश की तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इस दौरान धक्का-मुक्की की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं।

सड़कों की बदहाली से परेशान लोग

बताया जा रहा है कि बुंदेलखंड क्षेत्र में जल संकट को देखते हुए जल जीवन मिशन के तहत कई परियोजनाएं चलाई जा रही हैं। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क खुदाई के बाद उन्हें दुरुस्त नहीं किया गया, जिससे जनता को लगातार दिक्कत हो रही है।प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जिन सड़कों को खोदा गया है, उन्हें जल्द से जल्द ठीक कराया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।

उत्तर प्रदेश से और खबरें