NNS Logo
LIVE
उत्तर प्रदेश

Mahoba Car Accident : फेयरवेल पार्टी के बाद तेज रफ्तार कार बिजली के पोल से टकराई, बाल-बाल बचे छात्र

9 February 2026
Mahoba Car Accident : फेयरवेल पार्टी के बाद तेज रफ्तार कार बिजली के पोल से टकराई, बाल-बाल बचे छात्र

Mahoba Car Accident | उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक सनसनीखेज हादसा सामने आया है, जहां फेयरवेल पार्टी के बाद स्टंटबाजी कर रहे छात्रों की तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पोल को तोड़ते हुए आगे जाकर बाउंड्री वॉल से टकराकर पलट गई। पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

स्टंट के दौरान पलटी कार, मचा हड़कंप

यह हादसा शहर कोतवाली क्षेत्र के ऐतिहासिक कीरत सागर तट के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, शहर के संत जोसेफ कॉलेज में आयोजित फेयरवेल पार्टी के बाद छात्रों का एक समूह कीरत सागर तट पर पहुंचा, जहां उन्होंने तेज रफ्तार में कार चलाते हुए स्टंट करना शुरू कर दिया। इसी दौरान चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे बिजली के पोल से जा टकराया।टक्कर के बाद कार बाउंड्री वॉल से टकराकर पलट गई। हादसे को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई।

बाल-बाल बचे छात्र, लोगों ने बचाई जान

गनीमत रही कि हादसे के वक्त कार में सवार सभी छात्र बाल-बाल बच गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला। कार की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि हादसा कितना गंभीर था।

परिजनों की लापरवाही और ट्रैफिक पुलिस पर सवाल

बताया जा रहा है कि कार नाबालिग छात्रों द्वारा चलाई जा रही थी। इस घटना ने न सिर्फ छात्रों के परिजनों की लापरवाही को उजागर किया है, बल्कि यातायात पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर नाबालिगों के हाथ में कार की चाबी कैसे पहुंची।

पुलिस मौके पर, जांच शुरू

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा वायरल वीडियो के आधार पर भी जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वाहन कौन चला रहा था और उसके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस था या नहीं।